क़तर ने कैंसिल किया उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू का डिनर, भाजपा प्रवक्ता की विवादित टिप्पणी नागवार गुजरी

 आधिकारिक रात्रिभोज कार्यक्रम को रद्द किये जाने पर इसे भाजपा प्रवक्ता की आपत्तिजनक टिप्पणियों से जोड़कर देखा जाने लगा, बाद में अधिकारियों ने स्थिति स्पष्ट की, उपराष्ट्रपति ने दोहा में अपनी निर्धारित प्रेस प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द की, रविवार का दिन कूटनीतिक लिहाज से भारत सरकार के लिए रहा मुश्किल भरा  

Updated: Jun 06, 2022, 11:14 AM IST

courtesy: the tribune
courtesy: the tribune

नई दिल्ली। खाड़ी देश कतर की यात्रा पर गए भारत के उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के सम्मान में कतर के उप अमीर अब्दुल्ला बिन हमद बिन खलीफा अल थानी द्वारा दिए जाने वाले एक आधिकारिक रात्रिभोज को रविवार शाम को रद्द कर दिया गया। रात्रिभोज रद्द किये जाने के बाद इसे भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता नूपुर शर्मा और दिल्ली प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता नवीन कुमार जिंदल की आपत्तिजनक टिप्पणियों से कतर की नाराजगी से जोड़कर देखा जा रहा है। 

इसके साथ ही उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने भी दोहा में अपनी निर्धारित प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द कर दी। इस बारे में कोई आधिकारिक सूचना भी जारी नहीं की गयी कि पहले से निर्धारित प्रेस कॉन्फ्रेंस क्यों रद्द की गई। हालाँकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रात्रिभोज रद्द करना आपत्तिजनक टिप्पणियों पर कतर के विरोध से जुड़ा मसला नहीं था। रात्रिभोज रद्द करने के बारे में सूचना पहले ही उपराष्ट्रपति को दे दी गई थी।  

उपराष्ट्रपति नायडू तीन देशों की यात्रा के सिलसिले में सबसे पहले शनिवार को कतर पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर कतर के विदेश राज्य मंत्री सुल्तान बिन साद अल मुरैखी ने उनका स्वागत किया था। लेकिन सुल्तान बिन साद अल मुरैखी, वही शख्स हैं जिन्होंने पैगम्बर मोहम्मद साहेब पर भाजपा प्रवक्ता की आपत्तिजनक टिप्पणियों पर अपने देश की नाराजगी व्यक्त करने के लिए रविवार को भारतीय दूत दीपक मित्तल को तलब किया था। 

हालांकि उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने रविवार को कतर के अमीर के पिता शेख हमद बिन खलीफा अल थानी से मुलाकात की और फिर प्रधानमंत्री शेख खालिद बिन अब्दुलअजीज अल थानी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता भी की। बताया गया कि रात्रि भोज कैंसिल करने की वजह दरअसल कतर के उप अमीर अब्दुल्ला बिन हमद बिन खलीफा अल थानी के एक ऐसे व्यक्ति के संपर्क में आने का संदेह था जिसका कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। इसीलिए भारत के उपराष्ट्रपति के सम्मान में दिए जाने वाले रात्रिभोज कार्यक्रम को रद्द किया गया।

उपराष्ट्रपति की बाकी यात्रा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चल रही है और इसमें कोई कटौती नहीं की गई है।

बता दें कि भारत सरकार को रविवार को भाजपा से निलंबित किये गए नेताओं द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों के चलते कूटनीतिक मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कुछ खाड़ी देशों ने भारतीय राजदूतों को बुलाया और भारत में बढ़ते अतिवाद और घृणा पर अपनी चिंताओं से उन्हें अवगत कराया। कतर और कुवैत ने भारत के राजदूतों को तलब किया और भाजपा प्रवक्ता की आपत्तिजनक टिप्पणियों के लिए नई दिल्ली से सार्वजनिक माफी की मांग की। ऐसे में जब उपराष्ट्रपति के सम्मान में दिए जाने वाले  रात्रिभोज को रद्द करने की खबर आई तो इसे भी आपत्तिजनक टिप्पणियों से जोड़कर देखा जाने लगा। बाद में कतर के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रात्रिभोज रद्द करना आपत्तिजनक टिप्पणियों पर कतर के विरोध से जुड़ा मसला नहीं है, तब जाकर स्थिति स्पष्ट हुई।