MP: मंडला में ग्रामीणों ने रिटायर्ड IAS अफसरों को बनाया बंधक, नर्मदा परिक्रमा कर रहे थे 5 अधिकारी
मध्य प्रदेश के मंडला जिले में नर्मदा की परिक्रमा पर निकले 5 अफसरों को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। लेकिन जब हकीकत सामने आई तो ग्रामीण अफसोस करने लग गए।

मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जिले के ओढारी बसनिया गांव में एक अनोखी घटना हुई। यहां के ग्रामीणों ने नर्मदा की परिक्रमा पर निकले पांच अधिकारियों को बंधक बना लिया। ग्रामीणों ने इन अफसरों को सर्वेयर समझकर बंदी बनाया था। हालांकि बाद में पुलिस की समझाइश के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
दरअसल, 5 अधिकारी नर्मदा की परिक्रमा कर रहे थे। इनमें से एक गुजरात और दूसरे दिल्ली के रिटायर्ड आईएएस अफसर हैं। वे रास्ता भटककर ओढारी बसनिया गांव पहुंच गए थे। गांव में बसनीय ओढारी बांध का विरोध चल रहा है। इस गांव में ग्रामीणों ने किसी भी सरकारी अधिकारी का आना प्रतिबंधित कर रखा है। इन अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं थी। वे गांव में पहुंचे और फोटो खींच रहे थे। ग्रामीणों ने इन अफसरों को फोटो खींचते हुए देख लिया और इन्हें सर्वेयर समझकर बंदी बना लिया।
यह भी पढे़ं: नीमच में तस्कर बेखौफ, दर्जनभर पुलिसकर्मियों को बनाया बंधक, सात घंटे बाद अतिरिक्त फोर्स ने छुड़ाया
सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया और अधिकारियों को मुक्त कराया। बताया जा रहा है कि यह घटना ग्रामीणों की गलतफहमी के कारण हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने अफसोस भी जताया। बता दें कि इस गांव में बसनीय ओढारी बांध को लेकर विरोध प्रदर्शन चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस बांध से उनके गांव को विस्थापित होना पड़ेगा। वे किसी भी तरह का सर्वे नहीं चाहते हैं। इसलिए उन्होंने अधिकारियों को बंधक बना लिया था।