MP के झाबुआ से विधायक विक्रांत भूरिया का बढ़ा कद, आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए
ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किए जाने को एमपी के 22 प्रतिशत आदिवासी वर्ग में पैठ बढ़ाने की कांग्रेस की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

नई दिल्ली/भोपाल। मध्य प्रदेश के झाबुआ से कांग्रेस विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया का कांग्रेस में कद बढ़ गया है। पार्टी ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी से नवाजा है। विक्रांत भूरिया को पार्टी ने ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस का चेयरमैन बनाया है।
कांग्रेस पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी किए गए आदेश के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर विक्रांत भूरिया की तत्काल प्रभाव से नियुक्ति की है। उन्हें शिवाजी राव मोघे की जगह ये जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विक्रांत भूरिया ने साल 2024 में अप्रैल में मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद कयास लगने शुरू हो गए थे कि उन्हें ऑल इंडिया यूथ कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया जा सकता है। हालांकि, उनकी जगह जम्मू कश्मीर के उदय भानु चिब को ये जिम्मेदारी सौंप दी गई। वहीं अब विक्रांत भूरिया को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।
विक्रांत भूरिया पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया के बेटे हैं। भूरिया पेशे से डॉक्टर हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में वह झाबुआ से विधायक चुनकर आए थे। आदिवासियों और युवाओं के बीच अच्छी पकड़ होने के कारण उन्हें अब यह बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।