ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति बोल्सोनारो को 27 साल जेल की सजा, तख्तापलट की साजिश के लिए मिला दंड

ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट के पांच न्यायाधीशों के पैनल ने पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो को सत्ता में बने रहने के लिए तख्तापलट की साजिश रचने के लिए दोषी ठहराया और उन्हें 27 साल की सजा सुनाई। इस फैसले से बोल्सोनारो देश के इतिहास में लोकतंत्र पर हमला करने के लिए दोषी ठहराए जाने वाले पहले पूर्व राष्ट्रपति बन गए हैं।

Updated: Sep 12, 2025, 02:18 PM IST

ब्राजील। ब्राजील के उच्चतम न्यायालय की एक बेंच ने वहां के पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो को गुरुवार को 27 साल 3 महीने की जेल की सजा सुनाई है। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें 2022 का चुनाव हारने के बाद सत्ता में बने रहने के लिए तख्तापलट की साजिश रचने के आरोप में ये सजा सुनाई है। बीते दिनों उनपर आरोप लगाया गया था कि 2022 का चुनाव हारने के बाद भी सत्ता में बने रहने के लिए उन्होंने तख्तापलट की साजिश रची थी। 

ब्राजील के सर्वोच्च न्यायालय के पांच न्यायाधीशों के पैनल द्वारा लिए गए इस फैसले से बोल्सोनारो देश के इतिहास में लोकतंत्र पर हमला करने के लिए दोषी ठहराए जाने वाले पहले पूर्व राष्ट्रपति बन गए हैं। मुकदमे की सुनवाई कर रहे पांच न्यायाधीशों में से चार ने दक्षिणपंथी नेता को उनपर लगे पांच आरोपों में दोषी ठहराया है।

यह भी पढ़ें: भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस की किसान न्याय यात्रा कल, CM यादव के गृह ज़िले उज्जैन से होगा शंखनाद

उन्हें एक सशस्त्र आपराधिक संगठन में भाग लेना, लोकतंत्र को हिंसक रूप से समाप्त करने का प्रयास करना, तख्तापलट का आयोजन करना और सरकारी संपत्ति तथा संरक्षित सांस्कृतिक संपदा को नुकसान पहुंचाने के लिए लगे आरोपों में दोषी पाया गया है। हालांकि, पांच में से एक न्यायाधीश ने उन्हें बरी करने के लिए मतदान किया था। 

पूर्व राष्ट्रपति पर लगे आरोपों पर फैसला सुनाते हुए न्यायमूर्ति कारमेन लूसिया ने कहा कि यह आपराधिक मामला ब्राजील और उसके अतीत, वर्तमान और भविष्य के बीच एक बैठक है। इस बात के पर्याप्त सबूत हैं कि बोल्सोनारो ने लोकतंत्र और संस्थाओं को नष्ट करने के उद्देश्य से काम किया है। साथ ही उन्होंने इस दौरान सैन्य तख्तापलट और लोकतंत्र को उखाड़ फेंकने के प्रयासों से भरे इतिहास का भी जिक्र किया।

ब्राजील के उच्चतम न्यायालय के इस फैसले से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप संतुष्ट नहीं दिखाई दे रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कोर्ट के इस फैसले पर कहा कि वह न्यायालय के इस फैसले से आश्चर्यचकित हैं। ट्रंप ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा बोल्सोनारो को बेहद उत्कृष्ट पाया है और ये फैसला ब्राजील के लिए बेहद ही बुरा है। ट्रंप ने इससे पहले बोल्सोनारो के खिलाफ कार्रवाई की आलोचना भी की थी।