MP विधानसभा में मनाया गया आचार्य विद्यासागर का स्मृति दिवस, CM मोहन और पूर्व CM दिग्विजय सिंह हुए शामिल

कार्यक्रम में आचार्य विद्यासागर महाराज के जीवन पर आधारित 25 किताबों का विमोचन किया गया। जैन समाज ने भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन का नाम आचार्य विद्यासागर के नाम पर करने की मांग की है।

Updated: Feb 06, 2025, 02:29 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा परिसर में गुरुवार को दिवंगत जैन मुनि आचार्य विद्यासागर जी महाराज का स्मृति दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत कई नेता व जैन समाज के लोग शामिल हुए। इस दौरान सीएम यादव ने मंच पर बैठे मुनि प्रमाण सागर जी महाराज का पाद प्रक्षालन किया।

कार्यक्रम में आचार्य विद्यासागर महाराज के जीवन पर आधारित 25 किताबों का विमोचन भी किया गया। इस दौरान जैन समाज के अध्यक्ष ने भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन का नाम आचार्य विद्यासागर के नाम पर करने की मांग की।

यह भी पढे़ं: MSP पर धान व गेहूं की खरीद कम कर रही है सरकार, राज्यसभा में केंद्र पर बरसे दिग्विजय सिंह

कार्यक्रम से पूर्व दिगंबर जैन मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा रोशनपुरा चौराहा, मालवीय नगर, बिरला मंदिर होते हुए विधानसभा पहुंची। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, सांसद आलोक शर्मा और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा भी मौजूद रहे।

इस दौरान सीएम मोहन यादव ने कहा कि आचार्य विद्यासागर महाराज के भीतर जो मानव सेवा का भाव रहा है उसके चलते वो जीते जी देवता के रूप में हम सब के बीच विद्यमान हो गए। सीएम यादव ने गोमाता का जिक्र करते हुए कहा कि गोमाता के माध्यम से पूरी प्रकृति बदल सकती है। हम सबके जीवन में पूरा बदलाव आ सकता है। गोमाता के भीतर वह भाव है जो अपने बच्चों का ख्याल रखती है और मनुष्य के बच्चों का भी ख्याल रखती है।