शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक के बाद MP कांग्रेस में ताबड़तोड़ नियुक्ति, 18 जिलों में महासचिव और 14 प्रकोष्ठ अध्यक्षों की घोषणा
MP कांग्रेस ने सागर, छिंदवाड़ा और मऊगंज जिलों की जिला कार्यकारिणी भी घोषित की है। इन नियुक्तियों के माध्यम से लंबे समय से नाराज चल रहे नेताओं को संगठन में जिम्मेदारी दी गई है।
भोपाल। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ बैठक के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस में लंबे समय से लंबित संगठनात्मक नियुक्तियों को तेजी से आगे बढ़ाया गया है। पार्टी ने 18 जिलों में संगठन महासचिवों की नियुक्ति और 14 प्रकोष्ठों के अध्यक्षों एवं संयोजकों की घोषणा कर दी है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली में हुई बैठक में संगठनात्मक नियुक्तियों में देरी को लेकर हाइकमान ने नाराजगी जाहिर की थी। इसके बाद प्रदेश नेतृत्व ने प्राथमिकता के आधार पर जिला इकाइयों का पुनर्गठन शुरू कर दिया है। मप्र कांग्रेस संगठन ने ताबड़तोड़ तीन जिलों-सागर, छिंदवाड़ा और मऊगंज की जिला कार्यकारिणी घोषित कर दी।
इन नियुक्तियों में ज्यादातर असंतुष्ट नेताओं को संगठन में एडजस्ट किया गया है। सागर में पूर्व जिलाध्यक्ष रह चुके राजकुमार पचौरी को जिला संगठन महासचिव बनाया गया है। पचौरी दोबारा जिलाध्यक्ष बनने का प्रयास कर रहे थे और उन्हें कमलनाथ समर्थक माना जाता है। सिंगरौली ग्रामीण में संकठा सिंह और सिंगरौली शहर में सुरेश कुमार दुबे को संगठन महासचिव नियुक्त किया है। इन नियुक्तियों से क्षेत्रीय संतुलन व वरिष्ठ नेताओं को साधने की कोशिश की गई है।
इसके साथ ही 18 जिलों में संगठन महासचिव नियुक्त किए गए हैं, ताकि भीतरखाने की नाराजगी को कम किया जा सके। संगठन ने पूर्व अधिकारी-कर्मचारी, अशासकीय विद्यालय सहित कुल 14 प्रकोष्ठों के अध्यक्ष नियुक्त किए हैं। समाज समन्वय प्रकोष्ठ में भी 7 समाजों के लिए समन्वयक तय किए गए हैं। प्रदेश कांग्रेस संगठन महासचिव संजय कामले ने बताया कि शेष जिला कार्यकारिणियों की घोषणा भी जल्द की जाएगी।




