इंदौर में भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष के साथ दुष्कर्म, पीड़िता ने CM हाउस के बाहर धरने की दी चेतावनी

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि 51 वर्षीय सरपंच पति लेखराज डाबी ने उसे शादी का झांसा दिया और लिव-इन रिलेशनशिप के लिए बाकायदा एक एग्रीमेंट भी करवाया। इस दौरान आरोपी ने ढाई साल तक शारीरिक शोषण किया।

Updated: Jan 17, 2025, 03:30 PM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश में भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि 51 वर्षीय सरपंच पति लेखराज डाबी ने उसे शादी का झांसा दिया और लिव-इन रिलेशनशिप के लिए बाकायदा एक एग्रीमेंट भी करवाया। इस दौरान आरोपी ने ढाई साल तक शारीरिक शोषण किया।

पीड़िता का कहना है कि जब वह गर्भवती हुई तो आरोपी ने उसका गुपचुप अबॉर्शन करा दिया। अब महिला ने सरपंच पति की गिरफ़्तारी न होने के कारण चेतावनी दी है कि वह मुख्यमंत्री निवास के बाहर धरना देगी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और उसकी तलाश कर रही है। 

यह भी पढे़ं: MP: टिकट का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म, आरोपी भाजपा नेता को सीधी पुलिस ने किया गिरफ्तार

बताया जा रहा है कि आरोपी पूर्व मंत्री उषा ठाकुर का समर्थक है। उषा ठाकुर के साथ उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। दूसरी तरफ, सरपंच पति लेखराज डाबी के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद आरोपी के भाईयों द्वारा पीड़िता को धमकाया गया है। इस मामले में एक ऑडियो सामने आया है, जिसमें आरोपी का भाई प्रवीण पीड़िता के साथ गाली-गलौज कर रहा है।

पीड़ित महिला ने बताया कि वह पहले एक आर्मी अफसर के घर में कुक का काम करती थी। सिमरोल मंडल में पार्टी का काम करते समय उसकी मुलाकात सरपंच पति लेखराज डाबी से हुई, जिससे धीरे-धीरे दोस्ती हो गई। इसके बाद वे लिव इन में रहने लगे। इस दौरान वह प्रेग्नेंट हो गई तो आरोपी ने उसका अबॉर्शन करवा दिया। 

पीड़िता ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अब तक न तो लेखराज की गिरफ्तारी हुई है और न ही कोई ठोस कदम उठाया गया है। उन्होंने न्याय की मांग करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव के निवास के बाहर धरने पर बैठने की चेतावनी दी है। मामले पर ग्रामीण एडिशनल एसपी रूपेश द्विवेदी ने बताया कि महिला की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।