MP: टिकट का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म, आरोपी भाजपा नेता को सीधी पुलिस ने किया गिरफ्तार

सीधी पुलिस के मुताबिक बीजेपी नेता अजीत पाल सिंह चौहान ने महिला के पति को जान से मारने की धमकी भी दी और उसके ससुर को अश्लील वीडियो दिखाकर पैसे देने के लिए मजबूर किया।

Updated: Jan 15, 2025, 02:31 PM IST

सीधी। मध्य प्रदेश के एक भाजपा नेता ने अपनी ही पार्टी की महिला नेता से दुष्कर्म किया है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पार्टी से टिकट दिलाने का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म किया। फिर उसका वीडियो बनाकर पीड़िता और उसके परिजनों को ब्लैकमेल करने लगा।

दरअसल, सीधी जिले के भाजपा नेता अजीतपाल सिंह चौहान पर भाजपा की ही एक महिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने पुलिस को बताया कि पार्टी से टिकट दिलाने का वादा कर अजीतपाल ने उसके साथ रेप किया। इतना ही नहीं आरोपी ने इसका वीडियो भी बनाया। इसके बाद उसे पैसे के लिए ब्लैकमेल करने लगा। नहीं देने पर वीडियो वायरल करने की भी धमकी दी और उसके ससुर को अश्लील वीडियो दिखाकर पैसे देने के लिए मजबूर किया।

यह भी पढे़ं: हरियाणा BJP के अध्यक्ष पर हिमाचल में गैंगरेप की FIR, महिला को नौकरी दिलाने का झांसा देकर किया कुकर्म

महिला ने पुलिस को ये भी बताया है कि आरोपी अजीतपाल सिंह चौहान ने महिला के पति को जान से मारने की धमकी दी। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने चौहान के खिलाफ 13 जनवरी को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। सीधी के डैनिहा निवासी अजीतपाल को पुलिस ने रीवा से गिरफ्तार कर मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 64(1), 308(5), 296, 251(3) और बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। इन धाराओं में रेप और ब्लैकमेलिंग कर धन वसूली के गंभीर आरोप शामिल हैं। बताया जा रहा है कि अजीतपाल का राजनीतिक प्रभाव काफी ज्यादा है। वह सांसद रीति पाठक के करीबी बताए जाते हैं। हालांकि, इस घटना के बाद पार्टी ने अजीतपाल सिंह चौहान के खिलाफ एक्शन लेते हुए उसे निष्कासित कर दिया है।