मध्य प्रदेश में सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, कई जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट
मध्य प्रदेश में सर्द हवाओं के चलते कड़ाके की ठंड जारी है। सोमवार-मंगलवार की रात प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई।
 
                                    मध्य प्रदेश में सर्द हवाओं के चलते कड़ाके की ठंड जारी है। सोमवार-मंगलवार की रात प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। सबसे कम 4.6 डिग्री सेल्सियस तापमान राजगढ़ में रहा। भोपाल, सीहोर, रतलाम और शाजापुर में शीतलहर का असर महसूस किया गया। प्रदेश के 23 जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा।
यह भी पढ़ें: मकर संक्रांति पर मध्य प्रदेश में कोहरे और बारिश का दौर, 17 जनवरी से बढ़ेगा ठंड का प्रकोप
प्रदेश के रीवा, सीधी, सिंगरौली, राजगढ़, पन्ना, छतरपुर, सतना और मैहर में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। सतना में दृश्यता सबसे कम 50 मीटर दर्ज हुई। वहीं, दिन का सबसे कम अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस जबलपुर में दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं के साथ नमी के कारण मौसम में बदलाव हो रहा है।
मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार से प्रदेश के ग्वालियर, चंबल, सागर और भोपाल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। इस दौरान रात के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ ईरान के आसपास सक्रिय है, जिससे प्रदेश में बादल छाने और हल्की बारिश के आसार हैं।
वहीं प्रदेश के राजगढ़, पचमढ़ी, रायसेन, रतलाम, भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, दमोह, जबलपुर, मंडला, नौगांव और उमरिया समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान 4.6 से 9.6 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। कोहरे और ठंडी हवाओं के कारण दृश्यता कई स्थानों पर घटकर 200 मीटर तक रह गई।
मौसम विभाग ने शीतलहर और कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। भोपाल, सीहोर, रतलाम, शाजापुर, सतना, नीमच, रायसेन, धार, उज्जैन, इंदौर, शहडोल और बालाघाट जिलों में शीतल दिन और शीतलहर का अनुमान जताया गया है। छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में घना कोहरा छा सकता है। वहीं, सतना, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, शिवपुरी, सिंगरौली, सीधी, रीवा और मैहर जिलों में मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है।




 
                             
         
         
         
         
         
         
         
         
         
         
         
         
         
                                    
                                 
                                     
                                     
                                     
								 
								 
								 
 
 
								 
								 
								 
								 
								 
								