भोपाल के VIP इलाके भी सुरक्षित नहीं, पूर्व मंत्री अजय विश्नोई के बंगले में चोरी

राजधानी भोपाल के हाई-सिक्योरिटी क्षेत्र चार इमली में रविवार दोपहर चोरों ने पूर्व मंत्री व भाजपा विधायक अजय विश्नोई के सूने बंगले में चोरी की। ताले तोड़कर पीतल की टोंटियां व अन्य सामान चुरा लिया गया।

Updated: Aug 10, 2026, 02:19 PM IST

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के हाई सिक्योरिटी माने जाने वाले चार इमली इलाके में रविवार दोपहर चोरी की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरों ने पूर्व मंत्री और पाटन से भाजपा विधायक अजय विश्नोई के सरकारी बंगले डी-11/03 को निशाना बनाया। करीब डेढ़ बजे हुई इस वारदात में बदमाशों ने कई दरवाजों के ताले तोड़ दिए और कुछ दरवाजों के कुंदे तक उखाड़ दिए। बंगले से पीतल की नल की टोंटियां और अन्य सामान चोरी होने की बात सामने आई है। खास बात यह है कि विधायक का आवास स्पेशल डीजी अजय शर्मा के सरकारी बंगले के ठीक सामने है।

अजय विश्नोई का यह सरकारी आवास ज्यादातर समय खाली रहता है। वह महीने में केवल तीन-चार दिन ही भोपाल में रहते हैं और बाकी दिनों में बंगला बंद रहता है। रविवार को जब घर में काम करने वाला व्यक्ति वहां पहुंचा तो मुख्य दरवाजे के ताले टूटे मिले। अंदर जाने पर कई और दरवाजों के लॉक टूटे हुए दिखाई दिए। कुछ दरवाजों के ताले नहीं खुलने पर चोरों ने उनके कुंदे ही उखाड़ दिए थे।

यह भी पढ़ें:भोपाल जिला अदालत में न जज पूरे न कोर्टरूम, 1.50 लाख केस पेंडिंग, 46 पद खाली

जांच के दौरान पता चला कि बदमाश घर के अंदर से नल की पीतल की टोंटियां समेत छोटे-मोटे सामान भी ले गए। फिलहाल चोरी गए सामान की पूरी सूची सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि नुकसान और चोरी की वास्तविक मात्रा जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।

वारदात का समय भी सुरक्षा व्यवस्था के लिए चिंता बढ़ाने वाला है। चोरी रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है जब आमतौर पर इलाके में आवाजाही रहती है। इसके बावजूद चोरों को किसी ने रोकने की कोशिश नहीं की और वे वारदात के बाद फरार हो गए। चूंकि चार इमली में मंत्री, विधायक और वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के सरकारी आवास हैं इसलिए इस घटना ने इलाके में तैनात सुरक्षा और पुलिस गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना की जानकारी मिलने के बाद हबीबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को बुलाकर मौके से संभावित साक्ष्य जुटाए गए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। मामले में विधायक की ओर से विधानसभा को भी सूचना दी गई है और हबीबगंज थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

यह भी पढ़ें:ग्वालियर में 19 वर्षीय युवती का अपहरण कर गैंगरेप, नशीला पदार्थ पिलाकर दो युवकों ने की जबरदस्ती

थाना प्रभारी संजीव चौकसे के मुताबिक, चोरी की घटना की जांच की जा रही है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं। चोरी गए सामान की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस ने जल्द आरोपियों तक पहुंचने का भरोसा जताया है।

चार इमली में यह घटना अकेली नहीं है। पुलिस के सामने यह जानकारी भी आई है कि करीब तीन-चार दिन पहले इसी इलाके में एक अधिकारी के सूने मकान में चोरी हुई थी। लगातार कम अंतराल में सामने आई इन घटनाओं से सवाल उठ रहा है कि क्या बदमाश इलाके में खाली पड़े सरकारी आवासों की पहले से रेकी कर रहे हैं।

चार इमली में पहले भी सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटनाएं हो चुकी हैं। एक घटना में आईजी इंटेलिजेंस डॉ. आशीष अपनी पत्नी के साथ रात में टहलने निकले थे तभी बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके दो मोबाइल फोन लूट लिए थे। पुलिस ने इस मामले में दो दिन के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।

यह भी पढ़ें:MP को 4 नई फ्लाइट्स की सौगात, भोपाल से रीवा-पटना और रीवा-जबलपुर से कोलकाता की होगी सीधी उड़ान