महू में आज कांग्रेस का मेगा शो, अंबेडकर की धरती से राहुल गांधी भरेंगे हुंकार

कांग्रेस की ‘जय बापू, जय भीम, जय संविधान' रैली आज महू में आयोजित की गई है। इसमें मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

Updated: Jan 27, 2025, 09:52 AM IST

महू। संविधान निर्माता बाबा साहेब आंबेडकर की जन्मस्थली महू में कांग्रेस आज बड़ी रैली करने वाली है। इस 'जय बापू, जय भीम, जय संविधान’ रैली को कांग्रेस के सीनियर नेता संबोधित करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी भी इस रैली में शामिल होंगी। इनके अलावा कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश, महासचिव केसी वेणुगोपाल, मध्य प्रदेश के प्रभारी महासचिव जितेंद्र सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी भी मौजूद रहेंगे।

मध्य प्रदेश कांग्रेस का दावा है कि रैली में 2 लाख से ज्यादा लोग शामिल होंगे। पार्टी का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान नेता और कार्यकर्ता संविधान की रक्षा का संकल्प लेंगे। कांग्रेस ने बीजेपी पर संविधान का अपमान करने का भी आरोप लगाया है। दरअसल, संसद में गृहमंत्री अमित शाह द्वारा अंबेडकर पर दिए गए बयान का कांग्रेस ने जमकर विरोध किया था। इसके बाद संविधान, बाबा साहेब आंबेडकर और बापू को लेकर कांग्रेस ने देशभर में अपनी रैलियां की। पिछले दिनों बेलगावी में कांग्रेस ने रैली की थी।

इसके बाद अब पार्टी द्वारा इंदौर के पास बाबा साहेब की जन्मस्थली महू में ‘जय भीम, जय बापू, जय संविधान’ नाम से रैली आयोजित की गई है। इस रैली के जरिए कांग्रेस यह संदेश देना चाहती है कि बीजेपी संविधान और बाबा साहेब की विरोधी है। इस रैली में मध्य प्रदेश के सभी जिलों से बड़ी संख्या में लोग शामी होंगे। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से लेकर प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी व अन्य सभी नेता पिछले कुछ दिनों से इस रैली की तैयारियों में जुटे हुए थे। ऐसे में माना जा रहा है कि यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे।

बताया जा रहा है कि राहुल गांधी दोपहर करीब एक बजे महू पहुंचेंगे। वहीं, रैली के बाद तीन बजे वह अंबेडकर मेमोरियल जाएंगे। कांग्रेस के सभा स्थल पर दो बड़े मंच बनाए गए हैं। पहले मंच पर 200 लोग बैठेंगे। इनमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी सहित 95 लोग एआईसीसी के पदाधिकारी होंगे। कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री डिप्टी सीएम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष इसी मंच पर बैठेंगे।

महू की रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं के साथ ही कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू, तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्‌डी, कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया, डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार भी इस रैली में शामिल होंगे। बता दें कि महू के वेटरनरी महाविद्यालय के पास मैदान में होने वाली सभा से पहले सरकारी आदेश पर सियासत गर्म हो गई थी। दरअसल, 23 जनवरी को जारी अनुमति पत्र में प्रशासन ने शर्त में लिखा था कि 'कार्यक्रम में अनाउंसमेंट के दौरान कोई भी राजनीतिक भाषण प्रतिबंधित रहेंगे। हालांकि, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह की आपत्ति के बाद प्रशासन ने 24 जनवरी शुक्रवार देर शाम ही अनुमति पत्र में संशोधन कर दूसरा पत्र जारी किया। जिसमें राजनीतिक भाषण करने की अनुमति दी गई है।