ग्वालियर में कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली आज, दिग्विजय-कमलनाथ समेत तमाम दिग्गज होंगे शामिल

ग्वालियर में कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली का आयोजन होंगे जा रहा है। इस आयोजन को जीतू पटवारी ने संविधान की रक्षा के लिए जरूरी बताया। यह रैली देशभर में 25 से 30 अप्रैल तक चलने वाले अभियान की शुरुआत है, जिसमें कांग्रेस जन-जागरण और घर-घर संपर्क करेगी।

Updated: Apr 28, 2025, 11:49 AM IST

ग्वालियर| ग्वालियर में सोमवार, 28 अप्रैल को कांग्रेस ने प्रदेश स्तरीय 'संविधान बचाओ रैली' का आयोजन किया है। यह आयोजन वीरांगना लक्ष्मीबाई समाधि के सामने मैदान में होने जा रहा है। इस आयोजन में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, कमलनाथ, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और सांसद अशोक सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम में लोगों की बैठक के लिए पांच हजार से अधिक कुर्सियों की व्यवस्था की है। वहीं तेज गर्मी को देखते हुए मैदान को पूरी तरह एयरकूल्ड बनाया गया, जहां 40 से अधिक बड़े कूलर और ठंडे पानी की विशेष व्यवस्था की गई।

इस आयोजन के बारे में जीतू पटवारी ने कहा कि जब संविधान पर हमले हो रहे हैं, तो कांग्रेस पार्टी इसे बचाने का संकल्प लेकर ग्वालियर से अभियान शुरू कर रही है। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में यह संघर्ष पूरे देश में चलाया जा रहा है। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने भी कांग्रेस की ऐतिहासिक भूमिका को याद दिलाते हुए कहा कि संविधान की रक्षा करना पार्टी की जिम्मेदारी है।

यह भी पढ़ें: MP में विधायक-सांसदों को सलामी देगी पुलिस, DGP के आदेश पर कांग्रेस ने जताई आपत्ति

कांग्रेस ने 25 से 30 अप्रैल तक देशभर में 'संविधान बचाओ रैलियां' आयोजित करने का फैसला किया है, मध्य प्रदेश में जिसकी शुरुआत ग्वालियर से हो रही है। इसके बाद प्रदेश के सभी जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से रैलियां आयोजित की जाएंगी।

3 से 10 मई के बीच जिला स्तर पर महंगाई, बेरोजगारी और कृषि संकट जैसे मुद्दों पर रैलियां होंगी, जबकि 11 से 17 मई के बीच विधानसभा स्तर पर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। 20 से 30 मई तक कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर संवाद करेंगे और संवैधानिक अधिकारों के हनन के खिलाफ जनमत तैयार करेंगे।