MP के पूर्व कैबिनेट मंत्री पारस जैन का निधन, 77 साल की उम्र में इंदौर में ली आखिरी सांस
मध्य प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री पारस जैन अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनका इंदौर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने 77 की उम्र में आखिरी सांस ली।
इंदौर। मध्य प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री व बीजेपी नेता पारस जैन का निधन हो गया है। इंदौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। यहां सोमवार, 3 अगस्त को उनका निधन हो गया। उन्होंने 77 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। उनके निधन से राज्य के सियासी गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
पारस जैन शिवराज मंत्रिमंडल में राज्य के वन, खाद्य नागरिक आपुर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण और स्कूल शिक्षा के साथ ऊर्जा मंत्री रहे। उन्होंने लंबे समय तक उज्जैन उत्तर विधानसभा का प्रतिनिधित्व किया और छह बार विधायक रहे। पारस जैन पहलवान नेता के रूप में प्रसिद्ध थे। हालांकि, उन्हें 2023 के विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिला।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से पारस जैन गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। उनके फेफड़ों में पानी भर गया था, समस्या का पता चलने के बाद उन्हें इंदौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पारस जैन के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, 'भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री एवं उज्जैन उत्तर के पूर्व विधायक पारस चंद्र जैन के निधन का समाचार सुनकर मन दुखी है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुख सहन करने की शक्ति दें।'
बता दें कि पारस जैन ने 1990, 1993, 2003, 2008, 2013 और 2018 में उज्जैन उत्तर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया और छह बार विधायक रहे। भाजपा सरकार में कई बार मंत्री रहने के बावजूद पारस जैन अपने मिलनसार व्यवहार के लिए मशहूर थे। वह अक्सर उज्जैन की सड़कों पर स्कूटर से घूमते हुए अपने दोस्तों से मिलते रहते थे। उनके परिवार की बात करें तो निधन के बाद वह अपने पीछे अपनी पत्नी, एक बेटे और एक बेटी को छोड़ गए। उनका अंतिम संस्कार सोमवार को उज्जैन में किया जाएगा।




