सीधी में जादू-टोने के शक में बुजुर्ग महिला की पीट-पीटकर हत्या, बचाने पहुंचे बेटे और पोते को भी पीटा
आरोपी बुजुर्ग महिला को घर से एक किलोमीटर दूर पिपरहा मोहल्ले में ले गए। यहां उसे इतना पीटा कि उसने दम तोड़ दिया।

सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी में जादू-टोने की शक में एक बुजुर्ग महिला की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इससे पहले आरोपियों ने महिला के लकवाग्रस्त पति को भी पीटा। वहीं, बचाने पहुंचे बेटे और पोते को भी बेरहमी से पीटा। उन दोनों की हालत भी गंभीर है।
घटना कुसमी के ग्राम पिपरहा की है। बुधवार रात करीब 8 बजे ग्राम मेडरा से आए पुष्पराज, दिलीप, संतोष, अजय सिंह और इंद्रभान सिंह, महिला चिराऊंजिया सिंह (80) के घर में घुस गए। चिराऊंजिया के पति श्रीमान सिंह को देखकर उन्होंने हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी बुजुर्ग महिला को घर से उठाकर एक किलोमीटर दूर पिपरहा मोहल्ले में ले गए। यहां उसे इतना पीटा कि उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी मिलने पर चिराऊंजिया का बेटा उदयभान सिंह और पोता पृथ्वीराज सिंह मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनसे भी मारपीट की। मारपीट के आरोपी मृतक बुजुर्ग महिला के देवर के बेटे हैं। मृतक महिला की छोटी बहू आराधना सिंह ने बताया, पांच लोगों ने मिलकर ससुरालवालों पर हमला किया। आरोपी मेडरा से आए थे। कुसमी थाना प्रभारी भूपेश बैस ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
मृतक महिला के बड़े बेटे उदयभान सिंह ने बताया कि उनके चाचा के पोते समर बहादुर सिंह की कुछ दिन पहले महाराष्ट्र में मौत हुई थी। 18 फरवरी को अंत्येष्टि की गई। चाचा के परिवार को शक था कि मां ने जादू-टोना किया, इस कारण समर की मौत हो गई। इसी कारण उन लोगों ने घर में घुसकर हमला कर दिया।
उदयभान सिंह ने बताया कि बुधवार रात करीब 8 बजे मां को कुछ लोग उठाकर ले गए। पड़ोसियों ने मुझे इसकी सूचना दी। मैं बेटे के साथ मौके पर पहुंचा। 5-6 लोग मां को लाठी-डंडों से पीट रहे थे। बचाने गए तो हमसे भी मारपीट की। इस दौरान काफी लोग आ गए। उन्हें देखकर आरोपी भाग गए।