IRCTC की नई वेबसाइट लॉन्च, तेज टिकट बुकिंग के साथ-साथ बीटा वर्जन में मिले कई नए फीचर्स
भारतीय रेलवे ने IRCTC का नया बीटा वर्जन लाइव कर दिया है। 15 जुलाई से शुरू हुए इस पोर्टल में बिना कैप्चा और झंझट के सुपरफास्ट टिकट बुकिंग होगी। सभी श्रेणियों की सीटें अब एक ही स्क्रीन पर दिखेंगी।
भारतीय रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म IRCTC का नया बीटा वर्जन लॉन्च कर दिया है। बीते 15 जुलाई की रात 9 बजे से यह नया पोर्टल यात्रियों के लिए उपलब्ध हो गया है। इसका उद्देश्य रोजाना लाखों यात्रियों को पहले से अधिक तेज, आसान और बेहतर टिकट बुकिंग अनुभव देना है। फिलहाल इसे बीटा वर्जन के रूप में जारी किया गया है ताकि यात्रियों से मिलने वाले सुझावों और फीडबैक के आधार पर इसमें जरूरी सुधार किए जा सकें।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पिछले महीने जयपुर स्थित मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT) के दौरे के दौरान नई वेबसाइट लॉन्च करने की घोषणा की थी। तय समय के अनुसार अब इसका बीटा संस्करण लाइव कर दिया गया है। रेलवे का कहना है कि यह बदलाव केवल वेबसाइट का नया लुक देने तक सीमित नहीं है बल्कि इसके पीछे पूरी टिकट बुकिंग प्रणाली को आधुनिक बनाने की बड़ी योजना है।
यह भी पढ़ें:E20 पेट्रोल विवाद में कार कंपनी को बड़ा झटका, रायपुर उपभोक्ता अदालत ने नई कार देने का दिया आदेश
नई वेबसाइट में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई तकनीकी बदलाव किए गए हैं। अब टिकट बुकिंग के दौरान पहले की तरह बार-बार कैप्चा भरने की परेशानी नहीं होगी। वेबसाइट से अनावश्यक पॉप-अप, चमकदार ग्राफिक्स और ध्यान भटकाने वाले तत्व भी हटा दिए गए हैं। जिसकी वजह से इंटरफेस पहले से अधिक साफ और सरल दिखाई देगा।
सीट उपलब्धता देखने की प्रक्रिया भी आसान कर दी गई है। अब अलग-अलग क्लास जैसे स्लीपर, थर्ड एसी और सेकंड एसी के लिए बार-बार सर्च करने की जरूरत नहीं होगी। सभी श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई जाएगी जिससे यात्रियों का समय बचेगा। बुकिंग प्रक्रिया को तेज बनाने के लिए फास्टर चेकआउट फीचर जोड़ा गया है। टिकट बुक करते समय पहले जितने चरणों से गुजरना पड़ता था उनकी संख्या कम कर दी गई है। इससे पूरी बुकिंग प्रक्रिया पहले की तुलना में कम समय में पूरी हो सकेगी।
यह भी पढ़ें:मुरैना में स्कूल के बाहर से 4 वर्षीय मासूम का अपहरण, CCTV में कैद हुई वारदात, जांच में जुटी पुलिस
बार-बार यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए इजीअर रिपीट बुकिंग सुविधा भी दी गई है। इसमें यात्री की जरूरी जानकारी पहले से सुरक्षित रहेगी। जिससे अगली बार टिकट बुक करते समय नाम, उम्र और अन्य विवरण दोबारा भरने की आवश्यकता नहीं होगी। यात्री IRCTC की आधिकारिक ई-टिकट वेबसाइट पर जाकर नए बीटा पोर्टल का उपयोग कर सकते हैं। वहीं, पुराने होमपेज पर भी नई वेबसाइट का लिंक उपलब्ध कराया गया है ताकि उपयोगकर्ता आसानी से नए इंटरफेस तक पहुंच सकें।
रेलवे के मुताबिक, बीटा वर्जन जारी करने का सबसे बड़ा उद्देश्य यात्रियों से वास्तविक अनुभव और सुझाव प्राप्त करना है। उपयोगकर्ता वेबसाइट का इस्तेमाल करने के बाद फीडबैक विकल्प के जरिए अपनी राय साझा कर सकते हैं। यदि टिकट बुकिंग, सीट देखने या भुगतान के दौरान कोई तकनीकी समस्या आती है तो उसका स्क्रीनशॉट भी भेजा जा सकता है। जिससे अंतिम संस्करण जारी होने से पहले कमियों को दूर किया जा सके।
IRCTC की वेबसाइट देश के सबसे व्यस्त ऑनलाइन टिकटिंग प्लेटफॉर्म में शामिल है। साल 2002 में शुरू हुई इस सेवा के जरिए वर्तमान में प्रतिदिन औसतन 14.5 लाख ट्रेन टिकट बुक किए जाते हैं। लगातार बढ़ते ट्रैफिक और यात्रियों की संख्या को देखते हुए वेबसाइट और इसके तकनीकी ढांचे को अपग्रेड करना जरूरी हो गया था।
यह भी पढ़ें:भारत-UK फ्री ट्रेड एग्रीमेंट आज से लागू, सस्ती होंगी ब्रिटिश कारें, व्हिस्की और फैशन प्रोडक्ट्स
रेलवे समानांतर रूप से अपने दशकों पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन को भी आधुनिक बना रहा है। सबसे बड़ी चुनौती यह रही कि पूरे अपग्रेडेशन के दौरान टिकट बुकिंग सेवा को बिना बाधित किए काम पूरा किया जाए। रेलवे का कहना है कि नया रिजर्वेशन इंजन भी जल्द शुरू किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, बीटा वर्जन पर मिलने वाले फीडबैक और बैकएंड सिस्टम का अपग्रेड पूरा होने के बाद अगले कुछ हफ्तों में नया IRCTC पोर्टल पूरी तरह से सभी यात्रियों के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा। तब तक यात्री चाहें तो नए बीटा पोर्टल का अनुभव ले सकते हैं या पहले की तरह पुराने पोर्टल से भी टिकट बुकिंग जारी रख सकते हैं।




