भोपाल में किसान कांग्रेस का प्रदर्शन, विधानसभा की ओर बढ़ रहे कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने चलाया वाटर कैनन

रंगमहल चौराहे पर प्रदर्शन के बीच कांग्रेस का मंच टूट गया। इस दौरान 7 से ज्यादा कांग्रस कार्यकर्ता घायल हुए हैं। घायलों में मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान भी हैं।

Updated: Mar 10, 2025, 02:23 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन भोपाल में किसान कांग्रेस का प्रदर्शन देखने को मिला। किसान कांग्रेस के बैनर तले पार्टी के तमाम नेता व विधायक विधानसभा का घेराव करने इकट्ठा करने पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस ने कांग्रेस जनों पर वाटर कैनन चलाया।

रंगमहल चौराहे पर प्रदर्शन के बीच कांग्रेस का मंच टूट गया। बताया जा रहा है कि 7 से ज्यादा कांग्रसी घायल हुए हैं। घायलों में मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान भी है। मौके पर एम्बुलेंस बुलाई गई। यहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने घायलों को एम्बुलेंस में बैठाकर अस्पताल भेजा।पीसीसी चीफ जीतू पटवारी भी प्रदर्शन में शामिल हुए। इसके बाद वे मंच टूटने से घायल हुए नेता और कार्यकर्ताओं से मिले। उन्होंने कहा कि घायलों कि हालत अब ठीक है।

यह भी पढे़ं: MP: सवालों से मुंह छिपा रही है मोहन सरकार, नकाब पहनकर विधानसभा पहुंचे कांग्रेस विधायक

घटना की थोड़ी देर बाद ही किसान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने का प्रयास शुरू कर दिया है। पुलिस इस दौरान लगातार वाटर कैनन बल के प्रयोग से इनको पीछे हटाने की कोशिश में लगी रही।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि सरकार किसानों की बात सुनना नहीं चाहती। कांग्रेस किसानों के हक के लिए आवाज उठाती है तो वाटर कैनन छोड़ा जाता है, लाठीचार्ज किया जाता है।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने मंच टूटने को लेकर कहा, ये भाजपा का षड्यंत्र है। वो चाहती ही नहीं थी कि कांग्रेस का प्रदर्शन हो। बड़ी मुश्किल से मंच लगाने की परमिशन दी, लेकिन मंच के लिए मजबूत पाए लगाने नहीं दिए। और हमारे यहां ये परंपरा है कि मंच पर पदाधिकारी भी मौजूद रहते हैं। ज्यादा भार के कारण मंच टूट गया।