हार तो हार है, हल्के में नहीं ले सकते, दतिया उपचुनाव में BJP की करारी शिकस्त पर बोले कैलाश विजयवर्गीय
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा चुनाव परिणामों की विस्तृत समीक्षा करेगी और यह पता लगाया जाएगा कि किन कारणों से पार्टी को हार का सामना करना पड़ा।
इंदौर। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने लगातार दूसरी बार भाजपा को शिकस्त दी है। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने बीजेपी के आशुतोष तिवारी को 6016 वोटों से हराया। इस हार को लेकर बीजेपी में आत्म मंथन का दौर जारी है। हालांकि, सीएम मोहन यादव ने कहा कि पिछली बार की तुलना में बीजेपी को 1700 वोट अधिक मिले हैं। इसपर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि हार तो हार है, हम इसे हल्के में नहीं ले सकते हैं।
मध्य प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दतिया विधानसभा उपचुनाव के परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उपचुनाव का महत्व आम चुनाव जितना नहीं होता, लेकिन हार को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस हार की समीक्षा करेगी और इसके कारणों का विश्लेषण करेगी। विजयवर्गीय ने सोमवार देर रात इंदौर में मीडिया से बात की।
विजयवर्गीय ने कहा, 'उपचुनाव का बहुत ज्यादा महत्व नहीं होता, फिर भी हार, हार होती है और जीत, जीत होती है। प्रदेश अध्यक्ष ने भी कहा है कि पार्टी इस परिणाम पर चिंतन करेगी।' उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव परिणामों की विस्तृत समीक्षा करेगी और यह पता लगाया जाएगा कि किन कारणों से पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। साथ ही भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए आवश्यक कदम भी उठाए जाएंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रभाव वाले क्षेत्र की सीट बांकीपुर के परिणाम को लेकर पूछे गए सवाल पर विजयवर्गीय ने कहा कि वे स्वयं वहां एकबार चुनाव प्रचार के लिए गए थे। उन्होंने कहा कि वह काफी हद तक व्यक्ति आधारित सीट थी। नितिन नबीन चुनाव नहीं लड़े, इसलिए वहां परिणाम कुछ अलग रहे। व्यक्ति आधारित सीटों पर इस तरह की परिस्थितियां बन जाती हैं।




