मैहर में कुंभ यात्रियों की गाड़ी बस से टकराई, भोपाल के तीन श्रद्धालुओं की मौत, 3 की हालत गंभीर

हादसा गुरुवार तड़के साढ़े 3 बजे एनएच 30 पर राम मंदिर के पास हुआ। बस प्रयागराज जा रही थी। स्कॉर्पियो सवार भी भोपाल से महाकुंभ ही जा रहे थे।

Updated: Feb 20, 2025, 10:38 AM IST

मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर में एक और सड़क हादसा हुआ है। यहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पीछे से बस में घुस गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाई जा सकती है कि स्कॉर्पियो सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं, एक को मामूली चोट आई है।

हादसा गुरुवार तड़के साढ़े 3 बजे एनएच 30 पर राम मंदिर के पास हुआ। बस प्रयागराज जा रही थी। स्कॉर्पियो सवार भी भोपाल से महाकुंभ जा रहे थे। हादसे के बाद बस ड्राइवर भाग गया। घायलों को तत्काल मैहर सिविल अस्पताल भेजा गया। यहां से सभी को रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों का हाल जानने मैहर तहसीलदार जितेंद्र पटेल सिविल अस्पताल पहुंचे।

हादसे में रोहित पिता तुलसीराम कुशवाहा (24), डोलाराम पिता पन्ना लाल कुशवाहा (50) और उमेश कुशवाहा (45) की मौत हो गई। जबकि ओम प्रकाश कुशवाहा पिता पन्ना लाल कुशवाहा (60), शिवम कुशवाहा पिता तुलसीराम (24) और तुलसीराम कुशवाहा पिता पन्ना लाल (50) घायल हैं।

यह एनएच 30 पर दो दिन के भीतर हुआ दूसरा सड़क हादसा है। एक दिन पहले यानी 19 फरवरी को कुंभ स्नान से लौट रहे यात्रियों की एसयूवी कार सड़क किनारे खड़े बल्कर ट्रक से टकरा गई थी। इसमें दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थीं। दो अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए थे।