हम विचारधारा की लड़ाई लड़ रहे, कांग्रेस ही BJP और RSS को हरा सकती है, गुजरात में बोले राहुल गांधी
राहुल गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने पार्टी में बदलाव लाने का फैसला किया है। अब जिला स्तर के नेताओं को भी मजबूत किया जाएगा।

मोडासा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुजरात दौरे के दूसरे दिन बुधवार को मोडासा जिले के अरावल्ली पहुंचे हैं। यहां उन्होंने सर्किट हाउस में पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर संगठन सृजन अभियान की शुरुआत की। इसके बाद बीएपीएस स्वामीनारायण मंदिर हॉल में जिले के 1200 बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान लड़ाई सिर्फ राजनीतिक नहीं है, बल्कि भाजपा-आरएसएस और कांग्रेस के बीच विचारधारा की लड़ाई भी है। पूरा देश जानता है कि अगर कोई भाजपा को हरा सकता है तो वह सिर्फ कांग्रेस पार्टी है। अगर हमें देश में आरएसएस और भाजपा को हराना है तो इसका रास्ता गुजरात से होकर ही जाता है।
यह भी पढ़ें: जांच एजेंसियों का राजनीतिक हथियार के रूप में दुरुपयोग कर रही बीजेपी, नेशनल हेराल्ड केस पर बोले दिग्विजय सिंह
उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी की शुरुआत गुजरात में ही हुई थी। आपने हमें हमारे महानतम नेता महात्मा गांधी और सरदार पटेल दिए। लेकिन हम गुजरात में लंबे समय से हतोत्साहित थे। लेकिन मैं आपको आश्वस्त करने आया हूं कि कुछ भी मुश्किल नहीं है। शीर्ष नेतृत्व ने पार्टी में बदलाव लाने का फैसला किया है। अब जिला स्तर के नेताओं को भी मजबूत किया जाएगा। आज पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच प्रतिस्पर्धा हो रही है, जो पार्टी के लिए विनाशकारी है
राहुल गांधी ने कहा कि हमें अब नई पीढ़ी को कांग्रेस में लाना है। लेकिन, यह भी ध्यान रखना है कि इस भीड़ में भाजपा से जुड़े लोग भी शामिल होंगे और हमें उन्हें प्यार से बाहर निकालना है। उन्होंने आगे कहा कि गुजरात में कांग्रेस कार्यकर्ता सबसे मजबूत लोग हैं। आपको जहां भी मेरी जरूरत होगी। मैं गुजरात के कोने-कोने में आपके लिए मौजूद रहूंगा।
उन्होंने आगे कहा कि गुजरात में कांग्रेस कार्यकर्ता सबसे मजबूत लोग हैं। हमें पार्टी में ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को जोड़ना है। आपको जहां भी मेरी जरूरत होगी। मैं गुजरात के कोने-कोने में आपके लिए मौजूद रहूंगा। कांग्रेस की बैठकों से नदारद रहने वाले कार्यकर्ताओं के लिए उन्होंने कहा कि जिला बैठकों में शामिल न होने वाले कांग्रेस कार्यकर्ता चुनाव नहीं लड़ पाएंगे।
इससे पहले मंगलवार के दोपहर करीब 3 बजे अहमदाबाद पहुंचे। इसके बाद कांग्रेस कार्यालय में उन्होंने 41 जिला और महानगर अध्यक्ष अहमदाबाद में पर्यवेक्षकों के साथ बैठक की। इस मीटिंग में 5 सदस्यों की टीम बनाई गई है, जो 45 दिनों में आलाकमान को अपनी रिपोर्ट देगी। इसके बाद जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की जाएगी।