राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन ने दाखिल किया नामांकन, भाजपा के महेश केवट भी आज भरेंगे पर्चा
नामांकन प्रक्रिया के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित पार्टी के कई विधायक मौजूद रहे।
भोपाल। मध्य प्रदेश की तीसरी राज्यसभा सीट के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन ने सोमवार को विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और विधायकों ने उनके समर्थन में शक्ति प्रदर्शन किया। इससे पहले भाजपा उम्मीदवार तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल शनिवार को अपना नामांकन दाखिल कर चुके हैं। जबकि तीसरी सीट के लिए भाजपा प्रत्याशी महेश केवट भी आज पर्चा भरेंगे।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित पार्टी के कई विधायक मौजूद रहे। नामांकन दाखिल करने से पहले मीनाक्षी नटराजन ने विधानसभा परिसर में स्थापित गांधी प्रतिमा की प्रतिमा पर पहुंचकर नमन किया। इसके बाद उन्होंने नामांकन की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की।
वहीं दूसरी ओर भाजपा खेमे में भी राज्यसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज है। पार्टी के विधायक और पदाधिकारी प्रदेश कार्यालय पहुंचने लगे हैं। भाजपा के तीसरे राज्यसभा उम्मीदवार महेश केवट भी सोमवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
इससे पहले पार्टी कार्यालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय समेत विधायक और कार्यकर्ता एकत्रित होंगे, जिसके बाद सभी विधानसभा के लिए रवाना होंगे।
नामांकन के उपरांत मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि बीजेपी ने तीसरा उम्मीदवार उतारा है। हमारे सामने विचारधाराओं की लड़ाई है। जो लड़ाई, किसान, मजदूर आदिवासियों की हमारे नेता लड़ते हैं, ये वही लड़ाई है। हम सब एकजुटता से लड़ेंगे और जीतेंगे। वहीं, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा कि बीजेपी के पास अपना कैंडिडेट जिताने के लिए वोट नहीं हैं। उन्होंने भ्रम पैदा करने के लिए तीसरा कैंडिडेट उतारा है।
राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा की रणनीति और कांग्रेस विधायकों की बाड़ेबंदी के सवाल पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मीडिया से कहा कि पार्टी के पास अतिरिक्त वोट हैं, इसलिए तीसरे उम्मीदवार को मैदान में उतारा गया है। उन्होंने कहा कि जो विधायक विकास चाहते हैं, वे भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करेंगे। साथ ही बोले कि कांग्रेस को अपने विधायकों पर भरोसा नहीं है। इसलिए बाहर भेजने की तैयारी कर रहे। भाजपा को अपने विधायकों पर भरोसा है, इसीलिए सभी भोपाल में हैं।




