जबलपुर में बीच सड़क लड़ने लगे दो घोड़े, एक घोड़ा यात्रियों से भरे ऑटो में जा घुसा, ड्राइवर समेत 3 घायल
जबलपुर के नागरथ चौक पर दो घोड़े आपस में भिड़ गए। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें भगाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए। देखते ही देखते घोड़े शोरूम में जा घुसे। लड़ाई के दौरान शोरूम में काफी तोड़फोड़ हुई।

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां बीच सड़क पर दो घोड़ों के बीच आपसी भिड़ंत हो गई। घोड़ों के बीच शूर हुई इस तकरार ने आसपास काफी नुकसान पहुंचाया। पहले तो वे लड़ते हुए एक शोरूम में घुस गए। इसके बाद एक एक घोड़ा ऑटो में जा घुसा। इस घटना में ऑटो ड्राइवर समेत दो लोग घायल भी हो गए।
मामला जबलपुर के नागरथ चौक का है। बुधवार को यहां दो घोड़े आपस में भिड़ गए। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें भगाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए। देखते ही देखते घोड़े शोरूम में जा घुसे। लड़ाई के दौरान शोरूम में काफी तोड़फोड़ हुई। लड़ते-लड़ते दोनों घोड़े सड़क पर आ गए।
इसी बीच चौराहे से सवारियों से भरा एक ई-रिक्शा गुजर रहा था, तभी एक घोड़ा सीधे उसमें घुस गया। ऑटो चालक सहित दो यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। लोगों ने दौड़कर घायलों को ऑटो से बाहर निकाला और एम्बुलेंस बुलाई गई। इसके बाद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घोड़े को ऑटो से निकाला। तब तक वह छटपटाता रहा। करीब आधे घंटे तक चले हंगामे के बाद दोनों घोड़े वहां से चले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बीते दो-तीन दिनों से ये दोनों घोड़े अक्सर चौराहे पर लड़ते देखे गए हैं। नगर निगम को इसकी सूचना दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी लापरवाही का नतीजा है कि आज तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय निवासी मेहमूद ने बताया, जिनके घोड़े हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। अगर इन घोड़ों को रेस्क्यू कर शहर से बाहर नहीं किया गया, तो आगे चलकर इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है।