कांग्रेस को 24 अकबर रोड स्थित दफ्तर खाली करने का नोटिस, पार्टी ने लगाया सरकार पर दबाव बनाने का आरोप

दिल्ली में कांग्रेस को अपने पुराने दफ्तर यानी 24 अकबर रोड बंगले को खाली करने का नोटिस मिला है। इसके अलावा कांग्रेस को यूथ कांग्रेस के ऑफिस 5 रायसीना रोड को भी खाली करने का नोटिस मिला है।

Updated: Mar 25, 2026, 02:14 PM IST

नई दिल्ली। दिल्ली में कांग्रेस पार्टी को अपने वर्षों पुराने दफ्तर यानी 24 अकबर रोड बंगले को खाली करने का नोटिस मिला है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इंदिरा भवन में नया दफ्तर शिफ्ट होने के बाद से कांग्रेस ने इस पुराने बंगले को खाली नहीं किया था। यहां भी पार्टी की गतिविधियां पहले की तरह ही चल रही हैं। इसके अलावा कांग्रेस को यूथ कांग्रेस के ऑफिस 5 रायसीना रोड को भी खाली करने का नोटिस मिला है।

एस्टेट डिपार्टमेंट ने पार्टी को ये दोनों बंगले खाली करने संबंधी नोटिस दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स में कांग्रेस सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि दफ्तर खाली करने के लिए 3 दिन का समय दिया गया है। यानी 28 मार्च तक खाली करने का डेडलाइन दिया गया है। एस्टेट डिपार्टमेंट ने कांग्रेस के 5 रायसीना हिल्स रोड स्थित इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के कार्यालय के लिए अलग नोटिस जारी किया है।

रिपोर्ट्स के अनुसार कांग्रेस, सरकार के इस रवैए के खिलाफ कोर्ट में अपील करेगी। कांग्रेस का आरोप है कि 1 अशोक रोड या पंत मार्ग वाले BJP के दफ्तर भी खाली नहीं करवाए गए हैं। मामले पर पार्टी सांसद इमरान मसूद ने कहा कि सरकार सोच रही है कि हम पर दबाव बनाकर वह कांग्रेस को चुप करा सकती है। उन्हें हमें डराने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। क्योंकि वे ईरान युद्ध के संबंध में कुछ नहीं कर पाए हैं, इसलिए वे इस मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।

बता दें कि बीते 48 सालों से 24 अकबर रोड के बंगले में कांग्रेस का मुख्यालय है। हालांकि बीते साल कांग्रेस के नए मुख्यालय “इंदिरा भवन” का उद्घाटन हो चुका है,लेकिन इसके बावजूद 24 अकबर रोड वाले कार्यालय को कांग्रेस ने खाली नहीं किया है। यहां भी पार्टी की गतिविधियां पहले की तरह ही चल रही हैं। नोटिस मिलने के बाद से पार्टी राहत के लिए कनूनी विकल्प पर विचार कर रही है।