Republic Day 2025: कर्तव्य पथ पर जश्न शुरू, PM मोदी ने देशवासियों को दी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं
पीएम मोदी ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में संविधान बनाने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि हमारी विकास यात्रा लोकतंत्र, गरिमा और एकता पर आधारित हो।

नई दिल्ली। देशभर में आज 76वां गणतंत्र दिवस मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर गृहमंत्री अमित शाह व अन्य नेताओं ने भी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। पीएम मोदी ने संविधान बनाने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि हमारी विकास यात्रा लोकतंत्र, गरिमा और एकता पर आधारित हो।
पीएम मोदी ने ट्वीट किया, 'गणतंत्र दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। आज हम अपने गौरवशाली गणतंत्र की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। इस अवसर पर हम उन सभी महान विभूतियों को नमन करते हैं, जिन्होंने हमारा संविधान बनाकर यह सुनिश्चित किया कि हमारी विकास यात्रा लोकतंत्र, गरिमा और एकता पर आधारित हो। यह राष्ट्रीय उत्सव हमारे संविधान के मूल्यों को संरक्षित करने के साथ ही एक सशक्त और समृद्ध भारत बनाने की दिशा में हमारे प्रयासों को और मजबूत करे, यही कामना है।'
वहीं, गृहमंत्री अमित शाह ने लिखा कि समस्त देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ। गणतंत्र दिवस भारत के संवैधानिक मूल्यों के प्रति आस्था, सामाजिक समानता के प्रति दृढ़ता और लोकतंत्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। इस शुभ अवसर पर मैं सभी स्वतंत्रता सेनानियों और मजबूत गणतंत्र की नींव रखने वाले संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। आइए, इस गणतंत्र दिवस पर मोदी जी के विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में बढ़-चढ़कर योगदान देने का संकल्प लें।
गणतंत्र दिवस पर हर साल परेड का भी आयोजन किया जाता है। यह परेड कर्तव्य पथ से शुरू होती है और लाल किले पर खत्म होती है। इस साल गणतंत्र दिवस परेड का कार्यक्रम 90 मिटन का होने वाला है। इस साल परेड में कई चीजें भी पहली बार देखने को मिलेंगी, जैसे तीनों सेनाओं (थलसेना, वायुसेना, नौसेना) की झांकी, जो सशस्त्र बलों के बीच ‘‘तालमेल'' को दर्शाएगी। बता दें कि इस साल परेड के मुख्य अतिथि इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो हैं। इस साल परेड में इंडोनेशिया की सैन्य टुकड़ियां भी हिस्सा लेंगी।