CJP प्रोटेस्ट में घायल प्रदर्शनकारी को लेकर FIR कराने पहुंचे राहुल गांधी, संसद मार्ग थाने के बाहर धरने पर बैठे
राहुल गांधी शु्क्रवार को दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे, उन्होंने यहां पुलिस से पैलेट गन मामले में अपडेट लिया है। उनके साथ साहिल लोचा भी हैं, जिन्हें पैलेट गन से निकले छर्रे लगे थे।
नई दिल्ली। राहुल गांधी शुक्रवार की सुबह अचानक दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे। उनके साथ दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान पैलेट गन से घायल हुए साहिल लोचा भी थे। राहुल गांधी पैलेट गन चलाने में कथित तौर पर शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने वहां पहुंचे थे। राहुल गांधी के करीबी सूत्रों का कहना है कि पुलिस साहिल की FIR दर्ज नहीं कर रही है। ऐसे में राहुल खुद साहिल को अपने साथ लेकर पहुंचे हैं।
दरअसल, राहुल गांधी साहिल लोचा को अपने साथ लेकर थाने पहुंचे और उन्होंने यहां पुलिस स्टेशन में इस बात का अपडेट लिया कि पैलेट गन मामले में अब तक क्या एक्शन हुआ है। पुलिस की तरफ से क्या कार्रवाई की गई है, राहुल गांधी के सूत्रों के मुताबिक फिलहाल मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने पैलेट गन मामले में केस दर्ज करने की मांग की, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं होने पर वे थाने के बाहर धरने पर बैठ गए।
राहुल ने संसद के मानसून सत्र में संसद मार्च में पैलेट गन के इस्तेमाल के मुद्दे को उठाया था और गृह मंत्री अमित शाह से जवाब मांगा था। राहुल गांधी ने संसद में अपनी स्पीच में आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान गृहमंत्री ने गोली और पैलेट गन चलाने की अनुमति दी। हालांकि, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा था कि पुलिस ने गोली नहीं चलाई है।
नीट पेपर लीक और परीक्षाओं में गड़बड़ी को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का जंतर-मंतर प्रदर्शन 20 जून से शुरू हुआ था। एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने भूख हड़ताल भी की थी। 20 जुलाई के ‘संसद चलो’ के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। 25 जुलाई को शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद प्रदर्शन खत्म हुआ था।




