RJD चीफ लालू यादव की तबीयत बिगड़ी, एयरलिफ्ट कर पटना से दिल्ली ले जाने की तैयारी

पारस हॉस्पिटल में डॉक्टर्स की एक टीम उनका चेकअप कर रही है। थोड़ी देर बाद वह दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। उनका ब्लड शुगर बढ़ने की खबर है।

Updated: Apr 02, 2025, 04:30 PM IST

पटना। बिहार की राजधानी पटना से बड़ी खबर सामने आ रही है। आरजेडी सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई है। परिवार के करीबी सूत्रों के मुताबिक, उनकी सेहत में अचानक गिरावट आई, जिसके बाद डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें इलाज के दिल्ली ले जाने की तैयारी की जा रही है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक राबड़ी आवास पर लालू का इलाज कर रहे डॉक्टर ने उन्हें दिल्ली ले जाने की सलाह दी। इसके बाद तेजस्वी यादव उन्हें लेकर पटना के पारस हॉस्पिटल पहुंचे। डॉक्टर्स की एक टीम उनका चेकअप कर रही है। थोड़ी देर बाद वह दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। 

यह भी पढ़ें: वक्फ संशोधन बिल लोकसभा में पेश, कांग्रेस ने बताया संविधान के मूल ढांचे पर आक्रमण

बुधवार यानी आज शाम 4 बजकर 5 मिनट पर एयर इंडिया की फ्लाइट (AI 408) से लालू यादव इलाज के लिए दिल्ली जाने की बात सामने आई है। उनकी बड़ी बेटी व सांसद मीसा भारती दिल्ली में ही हैं। लालू यादव किडनी, हृदय और डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। हाल ही में उनके स्वास्थ्य में सुधार हुआ था। लेकिन, फिर से उनकी तबीयत बिगड़ गयी है।

इससे पहले 26 मार्च को यानी 7 दिन पहले ही लालू यादव गर्दनीबाग में वक्फ संशोधन बिल के खिलाफ मुस्लिम संगठनों ने प्रदर्शन में शामिल हुए थे। वे तेजस्वी के साथ प्रदर्शन में पहुंचे थे। उन्होंने इस दौरान कहा था कि यह गलत हो रहा है। सरकार को देखना चाहिए। हम इसके विरोध में हैं। किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। नीतीश कुमार उन लोगों के साथ हैं, वो इस बिल का समर्थन कर रहे हैं। जनता सब समझ रही है।

बीते सालों में लालू प्रसाद यादव के तीन बड़े ऑपरेशन हो चुके हैं। 76 साल के लालू की 13 सिंतबर 2024 को मुंबई के एशियन हार्ट अस्पताल में एंजियोप्लास्टी हुई थी। उन्हें एक स्टेंट लगा है। इससे पहले 2022 में उनका सिंगापुर में किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। बेटी रोहिणी ने किडनी डोनेट की थी। 2014 में लालू की ओपन हार्ट सर्जरी हुई थी। करीब 6 घंटे में एऑर्टिक वॉल्व बदला गया था। इस दौरान दिल में मौजूद 3 एमएम के छेद को भरा गया था।