प्रज्ञान ओझा बने BCCI के नए चीफ सिलेक्टर, अजित अगरकर की जगह लेंगे, रमेश पोवार को चयन समिति में मिली जगह
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने पुरुष चयन समिति में बड़ा फेरबदल करते हुए पूर्व स्पिनर प्रज्ञान ओझा को नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके अलावा पूर्व स्पिनर रमेश पोवार को भी समिति में शामिल किया गया है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की पुरुष चयन समिति में बड़ा बदलाव हुआ है। पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा को अजित अगरकर की जगह चयन समिति का नया अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, पूर्व भारतीय स्पिनर रमेश पोवार को समिति में शामिल किया गया है। अगरकर का कार्यकाल बीते 4 अक्टूबर को समाप्त हो गया था। नई चयन समिति में अब प्रज्ञान ओझा के साथ शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा और रमेश पोवार शामिल हैं।
प्रज्ञान ओझा सितंबर 2025 में बीसीसीआई की पुरुष चयन समिति का हिस्सा बने थे। अब उन्हें समिति की कमान सौंपी गई है। दूसरी ओर रमेश पोवार को भारतीय क्रिकेट में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और कोच के तौर पर लंबा अनुभव है। चयन समिति में यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब अगरकर की अगुआई में भारतीय टीम ने कई बड़े आईसीसी टूर्नामेंट जीते हैं।
यह भी पढ़ें:इंदौर के सराफा कारोबारी पर 90 किलो तस्करी का सोना खरीदने का आरोप, जमानत याचिका खारिज
बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज प्रज्ञान ओझा ने भारतीय टीम के लिए तीनों फॉर्मेट में क्रिकेट खेला है। उन्होंने 24 टेस्ट, 18 वनडे और 6 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 113 विकेट दर्ज हैं। जबकि, वनडे में उन्होंने 21 और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 10 विकेट लिए हैं। टेस्ट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 47 रन देकर 6 विकेट रहा है। घरेलू क्रिकेट में भी ओझा का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 108 फर्स्ट क्लास मैचों में 424 विकेट हासिल किए हैं। उनका आखिरी फर्स्ट क्लास मुकाबला 2018 में बिहार की ओर से उत्तराखंड के खिलाफ था। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में ओझा डेक्कन चार्जर्स और मुंबई इंडियंस की ओर से खेल चुके हैं। उन्होंने 92 मैचों में 89 विकेट लिए हैं। हालांकि, 2015 के बाद वह IPL की किसी टीम का हिस्सा नहीं रहे।
रमेश पोवार ने साल 2004 से 2007 के बीच भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने दो टेस्ट और 31 वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। मुंबई के इस पूर्व स्पिनर ने 10 नवंबर 2015 को क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा की थी। खिलाड़ी के रूप में करियर खत्म करने के बाद पोवार ने कोचिंग में भी अपनी पहचान बनाई। उन्हें पहली बार 2018 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया था। मई 2021 में उन्होंने दोबारा यह जिम्मेदारी संभाली थी। उनके कार्यकाल में भारतीय महिला टीम ने एशिया कप का खिताब जीता और कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक हासिल किया। पोवार मुंबई और गुजरात की टीमों के कोच भी रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में गेंदबाजी कोच के रूप में काम किया है।
यह भी पढ़ें:MP में फिर शुरू हुआ बारिश का दौर, गुना और मंडी में फसलें बर्बाद, दशहरे पर 14 जिलों में अलर्ट
रमेश पोवार का नाम साल 2018 महिला टी20 वर्ल्ड कप के दौरान विवादों में भी आया था। उस समय भारतीय कप्तान मिताली राज ने उन पर भेदभाव करने, अपमानित करने और उनके करियर को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए थे। इंग्लैंड के खिलाफ टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में मिताली को टीम से बाहर रखने के फैसले के बाद विवाद और बढ़ गया था। इस घटनाक्रम के बाद पोवार को महिला टीम के मुख्य कोच पद से हटा दिया गया था।
अजित अगरकर ने जुलाई 2023 में पुरुष चयन समिति के अध्यक्ष का पद संभाला था। उनके कार्यकाल में भारतीय टीम ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। भारत ने साल 2024 और 2026 के टी20 वर्ल्ड कप के साथ 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी भी जीती थी। इस दौरान भारतीय टीम ने दो एशिया कप खिताब अपने नाम किए और लगातार दो एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक हासिल किए। हालांकि, 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
यह भी पढ़ें:कोटा रेलवे स्टेशन पर पकड़े गए टाइगर श्रॉफ पर हमला करने वाले तीनों शूटर, सलमान खान की सुरक्षा बढ़ी
चयन समिति में नए सदस्य को शामिल करने की प्रक्रिया में BCCI की क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) ने अहम भूमिका निभाई। इसमें अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे शामिल थे। समिति ने BCCI मुख्यालय में उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग और इंटरव्यू किए। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, इंटरव्यू 15 अक्टूबर को आयोजित किए गए थे। रमेश पोवार के अलावा बड़ौदा के कॉनर विलियम्स और जैकब मार्टिन तथा मुंबई के वसीम जाफर और सलिल अंकोला भी इस प्रक्रिया में शामिल हुए थे। रिपोर्ट के अनुसार, सलाहकार समिति ने पोवार के नाम की सर्वसम्मति से सिफारिश की थी। नई चयन समिति में अब प्रज्ञान ओझा अध्यक्ष की भूमिका निभाएंगे, जबकि शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा और रमेश पोवार अन्य सदस्य होंगे।




