नौसेना में सब लेफ्टिनेंट पद पर चयनित हुई भोपाल की बेटी, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने किया सम्मानित

भारतीय नौसेना में ATC में सब लेफ्टिनेंट पद पर चयनित हुई भोपाल की बेटी काजल चौधरी का पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने किया सम्मान।

Updated: Jun 09, 2023, 02:46 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर 66 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा पूरा कर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह अल्प प्रवास पर भोपाल पहुंचे हैं। सिंह के भोपाल स्थित निवास पर चुनावी बैठकों का दौर जारी है। सियासी व्यस्तताओं के बीच पूर्व सीएम ने भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट पद पर चयनित हुई भोपाल की बेटी काजल चौधरी से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया।

जानकारी के मुताबिक पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने काजल चौधरी के पूरे परिवार को शुक्रवार को अपने भोपाल स्थित निवास पर आमंत्रित किया था। इस दौरान उन्होंने काजल चौधरी को पुष्प गुच्छ और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। खास बात है कि भारतीय नौसेना के लिए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) में सब लेफ्टिनेंट के पद पर चयन के लिए हुई परीक्षा में पूरे देश में महज 5 लोगों का चयन हुआ। 

भोपाल की बेटी काजल चौधरी उन पांच में शामिल हैं। मध्य प्रदेश से एकमात्र काजल चौधरी का ही इस पद के लिए चयन हुआ है। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने काजल चौधरी व उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि यह ना सिर्फ भोपाल के लिए बल्कि समूचे मध्य प्रदेश के लिए गर्व की बात है कि काजल ने अपनी मेहनत और लगन से भारतीय नौसेना में अपनी जगह बनाकर हम सब का मान बढ़ाया है।

इस अवसर पर काजल चौधरी के साथ उनके पिता, राजेंद्र सिंह चौधरी, माता संगीता चौधरी, भाई प्रशांत चौधरी, कांग्रेस नेता नरेश ज्ञानचंदानी भी उपस्थित थे।