CG: बीजापुर के जंगलों में मुठभेड़, सुरक्षाबलों ने 31 नक्सलियों को मार गिराया, दो जवान शहीद

छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर मुठभेड़ में जवानों ने 31 नक्सलियों को मार गिराया है। मुठभेड़ में 2 जवान शहीद हो गए और 2 घायल हो गए।

Updated: Feb 09, 2025, 05:28 PM IST

बीजापुर। छत्तीसगढ़ में बीजापुर और नारायणपुर से लगी महाराष्ट्र की सीमा पर सुरक्षाबल और नक्सलियों के बीच रविवार सुबह मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गए और 31 नक्सलियों को मार गिराया गया है। मुठभेड़ में दो जवान घायल भी हुए हैं, जिन्हें वापस लाने के लिए जगदलपुर से हेलीकॉप्टर भेजा गया है।

जानकारी के मुताबिक नेशनल पार्क क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर संयुक्त सुरक्षा बलों को रवाना किया गया था। सुबह से ही दोनों ओर से भारी गोलीबारी शुरू हो गई थी। मुठभेड़ में 31 नक्सली मारे गए। जबकि दो जवान शहीद हुए। जवानों ने सभी नक्सलियों के शव बरामद कर लिए हैं। मृत नक्सलियों की पहचान की जा रही है। बीजापुर के नेशनल पार्क इलाके में सर्चिंग जारी है।

पुलिस के मुताबिक बड़ी संख्या में हथियार और विस्फोटक भी बरामद किए गए हैं। दोनों घायल जवानों की हालत खतरे से बाहर है। उन्हें हायर सेंटर में बेहतर इलाज के लिए भेजा जाएगाl इसके साथ ही अतिरिक्त बल को बैकअप के लिए मौके पर भेजा गया है।

बस्तर IG सुंदरराज पी ने बताया कि, माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद फोर्स को मौके के लिए निकाला गया था। बीजापुर DRG, STF और बस्तर फाइटर्स के जवानों ने नक्सलियों को घेरा। इससे पहले बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र में 2 फरवरी को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 8 नक्सलियों को मार गिराया था। मारे गए माओवादियों में सभी पुरुष नक्सली थे। सुरक्षाबलों के करीब 800-1000 जवानों ने PLGA कंपनी नंबर 2 के नक्सलियों को घेरा था। इनमें बड़े लीडर्स भी थे। मौके से फोर्स ने इंसास समेत 303, 12 बोर, BGL लॉन्चर बरामद किया।