छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ में मुठभेड़, 4 नक्सली ढेर, DRG का एक जवान शहीद
अबूझमाड़ के जंगल में पुलिस-नक्सलियों के बीच शनिवार देर रात मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में DRG जवान प्रधान आरक्षक सन्नू कारम शहीद हो गए। वहीं, जवानों ने 4 नक्सलियों को भी मार गिराया है।
छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जी रही है। इस बीच दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिले की सीमा पर अबूझमाड़ के जंगल में पुलिस-नक्सलियों के बीच शनिवार देर रात मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में DRG जवान प्रधान आरक्षक सन्नू कारम शहीद हो गए। वहीं, जवानों ने 4 नक्सलियों को भी मार गिराया है।
बताया जा रहा है कि, शनिवार देर रात 4 जिले के 1 हजार जवानों ने नक्सलियों के कोर इलाके को घेर लिया था। दोनों तरफ से रातभर रुक-रुककर गोलीबारी हुई। इस ऑपरेशन में दंतेवाड़ा, नारायणपुर, कोंडागांव और बस्तर जिले की DRG और STF की टीमों को भेजा गया था। जवानों ने 4 नक्सलियों को मार गिराया और शव लेकर जवान लौट गए हैं। वहीं, DRG के एक जवान की शहादत भी हुई।
शहीद जवान सन्नू कारम एक आत्मसमर्पित नक्सली थे। कुछ साल पहले ही उन्होंने नक्सलवाद छोड़ दिया था और पुलिस में भर्ती हुए थे, जहां उनकी पोस्टिंग दंतेवाड़ा में हुई थी। इलाके में सर्चिंग के दौरान जवानों ने मौके से सभी नक्सलियों के शव और AK 47, SLR जैसे हथियार बरामद किए हैं। इसकी पुष्टि बस्तर IG सुंदरराज पी ने की है।
मुठभेड़ में जवान शहीद और मारे गए नक्सलियों को लेकर CM साय ने कहा कि सुरक्षाबलों के साहस को नमन है। पिछले एक साल से नक्सलवाद के खिलाफ जवान मजबूती के साथ लड़ाई लड़ रहे हैं। लड़ाई अब भी जारी है। हमारे एक जवान भी शहीद हुए हैं। निश्चित रूप से हम लोगों को सफलता मिलेगी। अब नक्सलियों का अंतिम समय आ रहा है।
बता दें कि 2 दिन पहले गरियाबंद जिले के नक्सल प्रभावित सोरनामाल जंगल में सुरक्षाबलों ने 3 नक्सलियों को मार गिराया। DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) और STF (स्पेशल टास्क फोर्स) की टीम ने नक्सलियों को घेरा था। ऑपरेशन में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के करीब 300 जवान शामिल थे।