Asian Games: विमेंस रिले टीम ने भारत को दिलाया छठा गोल्ड, 50 पार हुआ मेडल का आंकड़ा
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला 4x400 मीटर रिले टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता। भारत ने 3 मिनट 29.69 सेकेंड में रेस पूरी कर देश को छठा स्वर्ण पदक दिलाया।
भारतीय महिला 4x400 मीटर रिले टीम ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीत लिया है। भारतीय धावकों ने 3 मिनट 29.69 सेकेंड में रेस पूरी कर देश को इन खेलों का छठा स्वर्ण पदक दिलाया। इसी के साथ भारत ने लगातार छठे एशियन गेम्स में कम से कम 50 पदक जीतने की उपलब्धि भी हासिल कर ली है।
मंगलवार का दिन भारतीय एथलेटिक्स के लिए कई पदक लेकर आया। महिला रिले टीम के गोल्ड के अलावा पुरुषों की 4x400 मीटर रिले और 4x100 मीटर मिक्स्ड रिले में भारत को ब्रॉन्ज मिला। लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने भी 5000 मीटर में तीसरा स्थान हासिल कर इन खेलों में अपने पदकों की हैट्रिक पूरी की।
यह भी पढ़ें:SIR की जांच तक CEC ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग, सुप्रीम कोर्ट में नई याचिका दाखिल
पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में गुलवीर सिंह ने 13 मिनट 32.75 सेकेंड का समय लेकर ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। बहरीन के बिरहानु बाल्यू ने 13:30.79 के साथ गोल्ड जीता। जबकि, जापान के टोमोनोरी यामागुची 13:31.43 के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे। गुलवीर का मौजूदा एशियन गेम्स में यह तीसरा पदक है। इससे पहले वह 10 हजार मीटर और 1500 मीटर में सिल्वर जीत चुके हैं। इसके साथ वह एक ही एशियन गेम्स में इन तीनों स्पर्धाओं में पदक हासिल करने वाले पहले भारतीय पुरुष धावक बन गए हैं।
पुरुषों की 4x400 मीटर रिले में भी भारत पोडियम तक पहुंचा। धर्मवीर चौधरी, मनु टी., जय कुमार और विशाल टीके की भारतीय चौकड़ी ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। मनु टी. और विशाल टीके ने क्रमशः दूसरे और चौथे लेग में मजबूत प्रदर्शन किया। हालांकि, भारतीय टीम जापान और कतर से आगे नहीं निकल सकी। जापान ने गोल्ड और कतर ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
4x100 मीटर मिक्स्ड रिले में भारतीय टीम ने 41.06 सेकेंड में रेस पूरी कर ब्रॉन्ज जीता। गुरिंदरवीर सिंह ने शुरुआती लेग में तेज शुरुआत की और इसके बाद स्नेहा ने भारत की स्थिति मजबूत बनाए रखी। तीसरे लेग में थाईलैंड के बूनसन ने अनिमेष को पीछे छोड़ा लेकिन अंतिम लेग में हरिता ने भारत को पोडियम पर बनाए रखा। चीन ने 40.78 सेकेंड के साथ गोल्ड और थाईलैंड ने 40.87 सेकेंड में रेस पूरी कर सिल्वर जीता। भारत 41.06 सेकेंड के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
यह भी पढ़ें:जबलपुर में तेज आवाज में डीजे बजाने पर रोक की मांग, नागरिक उपभोक्ता मंच ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
इससे पहले निशानेबाज नीरू ढांडा ने विमेंस ट्रैप में गोल्ड जीतकर भारत को पांचवां स्वर्ण पदक दिलाया था। नीरू इस स्पर्धा में एशियन गेम्स गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। यह भारत का इन खेलों में पहला व्यक्तिगत गोल्ड और शूटिंग का दूसरा स्वर्ण पदक हैं।
नीरू की उपलब्धि इसलिए भी खास रही क्योंकि प्रतियोगिता से करीब 10 दिन पहले वह फ्लू के कारण अस्पताल में भर्ती थी। नीरू के मुताबिक, बीमारी के दौरान वह पांच दिनों तक ठीक से कुछ खा और पी नहीं पाई थी। मुश्किल समय में उनके कोच मनशेर सिंह ने उन्हें पिछली परिस्थितियों को भूलकर निशाने पर ध्यान लगाने के लिए प्रेरित किया।
गोल्ड जीतने के बाद नीरू ने बताया कि कोच मनशेर सिंह ने उनसे बीती परिस्थितियों को भूलकर सिर्फ अपने निशाने पर फोकस करने को कहा था और उन्होंने प्रतियोगिता में उसी सलाह पर अमल किया। नीरू के गोल्ड से पहले भारत को शूटिंग में पहला स्वर्ण पिस्टल शूटिंग के मिक्स्ड इवेंट में मिला था। भारतीय निशानेबाज अब तक प्रतियोगिता में कुल 14 पदक जीत चुके हैं। महिला 4x400 मीटर रिले टीम के स्वर्ण के साथ भारत के गोल्ड मेडल की संख्या बढ़कर छह हो गई है।
यह भी पढ़ें:Asian Games: भारत के खाते में 5वां गोल्ड, नीरू ढांडा ने ट्रैप शूटिंग में रचा इतिहास




