IND vs WI: पहले वनडे में भारत की धमाकेदार जीत, वेस्ट इंडीज को 8 विकेट से रौंदा

भारत ने तिरुवनंतपुरम में खेले गए पहले वनडे में वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ भरता ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।

Updated: Sep 27, 2026, 11:34 PM IST

वेस्ट इंडीज के खिलाफ पहले वनडे में भारत ने 8 विकेटों से जीत दर्ज कर ली है। शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। वेस्ट इंडीज ने पहले बैटिंग करते हुए भारत के सामने 296 रनों का टारगेट खड़ा किया था। जिसे भारत ने 8 ओवर पहले ही हासिल कर लिया।

तिरुवनंतपुरम में खेले गए इस मैच में पहले बैटिंग करने उतरी वेस्ट इंडीज की शुरुआत काफी अच्छी रही थी। टीम के लिए जॉन कैंपबेल और जस्टिन ग्रीव्स की सलामी जोड़ी ने 135 रनों की शानदार पार्टनरशिप की थी। उस दौरान जाॅन ने 62 तो जस्टिन ने 101 रनों की पारी खेली थी।

इन सलामी जोड़ी के आउट होने के बाद टीम के अन्य बल्लेबाज एक एक कर के भारतीय गेंदबाजों का शिकार होते गए थे। हालांकि, बल्लेबाज आमिर जांगू ने टीम की स्थिति को संभालने की कोशिश की थी। उन्होंने टीम के लिए नाबाद रहकर 58 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली थी।

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को शुरुआती विकेट गंवाने के बाद गिल और कोहली ने पारी को संभाला था। दोनों के बीच हुई साझेदारी ने वेस्टइंडीज के गेंदबाजों को दबाव में रखा और भारत ने 8.2 ओवर बाकी रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया।

भारत की जीत में विराट कोहली और कप्तान शुभमन गिल की बल्लेबाजी निर्णायक रही। कोहली ने 88 गेंदों पर नाबाद 139 रन बनाए। जिसमें 10 चौके और 9 छक्के शामिल थे। वहीं, गिल ने 108 गेंदों में 110 रन की नाबाद पारी खेली थी। उन्होंने 13 चौके और एक छक्का लगाया था। 

कोहली की पारी इस मुकाबले में कई रिकॉर्ड लेकर आई। उन्होंने 38वें ओवर की चौथी गेंद पर छक्का लगाकर अपना 55वां वनडे शतक पूरा किया। यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का 86वां शतक है। इसके अलावा उन्होंने वनडे क्रिकेट में 15 हजार रन भी पूरे कर लिए। 28.5 ओवर में अल्जारी जोसेफ की गेंद पर पुल शॉट से चौका लगाकर कोहली ने यह आंकड़ा पार किया था।

15 हजार वनडे रन तक पहुंचने में कोहली ने 303 पारियां लीं और इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा। तेंदुलकर ने 2007 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 377 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी। कोहली 15 हजार वनडे रन बनाने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। कप्तान शुभमन गिल ने भी इस मैच में अपने वनडे करियर का 10वां शतक पूरा किया। 110 रन की उनकी पारी ने भारत के रन चेज को मजबूती दी।  

मैच के बाद कोहली ने कहा कि उनका ध्यान रिकॉर्ड या व्यक्तिगत माइलस्टोन पर नहीं रहता। उन्होंने कहा कि वह मुकाबले की स्थिति के मुताबिक टीम के लिए अपना योगदान देने पर ध्यान देते हैं। कोहली ने यह भी कहा कि टीम का लक्ष्य वर्ल्ड कप जीतना है और इसके लिए खिलाड़ी खेल के अलग-अलग पहलुओं पर लगातार काम कर रहे हैं।

गिल के साथ बल्लेबाजी को लेकर कोहली ने कहा कि उनके जैसे खिलाड़ी के साथ साझेदारी करना मुश्किल नहीं है। दोनों के बीच मैदान पर ज्यादा बातचीत की जरूरत नहीं पड़ती और खेल की स्थिति के अनुसार तालमेल बन जाता है।

भारत अब तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे है। पहले वनडे में मिली जीत के साथ टीम ने सीरीज की शुरुआत जीत से की। जबकि, कोहली और गिल के शतकों ने मुकाबले को रिकॉर्ड और व्यक्तिगत उपलब्धियों के लिहाज से भी खास बना दिया।