ट्रंप के टैरिफ से हिला शेयर बाजार, सेंसेक्स 600 अंक टूटा, निफ्टी भी 25,500 के नीचे

ग्लोबल व्यापार को लेकर बढ़ते तनाव, विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली और कमजोर तिमाही नतीजों के चलते निवेशकों का मनोबल कमजोर हुआ है।

Updated: Jan 19, 2026, 11:32 AM IST

मुंबई। भारतीय शेयर बाजारों में सोमवार 19 जनवरी को जोरदार गिरावट देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 600 अंकों से भी अधिक टूट गया। वहीं निफ्टी गिरकर 25,500 के पास आ गया। ग्लोबल व्यापार को लेकर बढ़ते तनाव, विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली और कमजोर तिमाही नतीजों के चलते निवेशकों का मनोबल कमजोर हुआ है। 

स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों में भी तेज बिकवाली देखने को मिली। सबसे अधिक गिरावट आईटी, एनर्जी और रियल एस्टेट शेयरों में देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में बीएसई (BSE) सेंसेक्स करीब 600 अंक गिरकर 82,950 के स्तर के पास आ गया। वहीं निफ्टी 50 भी 200 अंकों से ज्यादा टूटकर 25,500 के स्तर के आस पास कारोबार कर रहा है। 

गिफ्ट निफ्टी में सुबह से ही 150 से ज्यादा अंकों की गिरावट देखी जा रही थी, जिसका असर दलाल स्ट्रीट पर भी दिखा। बाजार में इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का वो बयान है, जिसमें उन्होंने यूरोपीय देशों पर भारी टैक्स (टैरिफ) लगाने की चेतावनी दी है। इसके अलावा रिलायंस और ICICI बैंक जैसे बड़े शेयरों में बिकवाली से भी निवेशकों का सेंटिमेंट बिगड़ा है।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 14 में तेजी और 16 में गिरावट है। रिलायंस और ICICI बैंक के शेयर में 3% तक की गिरावट है। वहीं इंडिगो, टेक महिंद्रा और HUL के शेयर में 4% तक की तेजी है। NSE के IT, मीडिया, रियल्टी और ऑयल एंड गैस में 2% तक की गिरावट देखने को मिल रही है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने हाल ही में ग्रीनलैंड को लेकर यूरोपीय देशों को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि जो देश उनकी योजनाओं का विरोध करेंगे, उन पर भारी आयात शुल्क (टैरिफ) लगाया जाएगा। इस बयान के बाद अमेरिका से लेकर एशिया तक के बाजारों में डर का माहौल है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर ट्रेड वॉर जैसी स्थिति बनती है, तो आने वाले दिनों में बाजार में और ज्यादा अस्थिरता देखने को मिल सकती है।