T-20 World Cup: भारत ने वेस्ट इंडीज को 5 विकेट से हराया, सेमीफाइनल में पहुंची टीम

टी20 विश्व कप में भारत ने वेस्ट इंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। रन चेज के दौरान संजू सैमसन ने नाबाद 97 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई।

Updated: Mar 01, 2026, 11:42 PM IST

कोलकाता। भारत ने टी20 विश्व कप के आज में मैच में वेस्ट इंडीज को 5 विकेटों से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में एंट्री कर ली है। भारत की इस धमाकेदार जीत में बल्लेबाज संजू सैमसन की अहम भूमिका रही थी। उन्होंने रन चेज के दौरान नाबाद रहकर टीम के लिए 97 रनों की शानदार पारी खेली थी।

कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मैच में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 195 रन बनाए थे। कैरेबियाई टीम की ओर से रोस्टन चेज ने 40 रन की अहम पारी खेली थी। जबकि, जेसन होल्डर 37 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारतीय गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह सबसे सफल रहे थे। उन्होंने 2 विकेट हासिल किए थे।

196 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। अभिषेक शर्मा और ईशान किशन दोनों ही 10-10 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए थे। जिसकी वजह से टीम शुरुआती दबाव में आ गई थी। इसके बाद तिलक वर्मा ने तेज खेल दिखाते हुए 15 गेंदों पर 27 रन बनाए। जबकि, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 16 गेंदों में 18 रन जोड़े। हालांकि, दूसरे छोर पर संजू सैमसन टिके रहे और उन्होंने संयम व आक्रामकता का संतुलन बनाए रखते हुए पारी संभाली।

सैमसन ने सूर्यकुमार यादव के साथ 35 गेंदों में 58 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को मैच में वापस लाया। इसके बाद उन्होंने तिलक वर्मा के साथ 42 रन जोड़े। फिर हार्दिक पंड्या के साथ 38 रन की साझेदारी की और अंत में शिवम दुबे के साथ नाबाद 20 रन जोड़ते हुए मैच खत्म किया। सैमसन ने रोमारियो शेफर्ड की दूसरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को लक्ष्य तक पहुंचाया था।