जबलपुर में तेज रफ्तार कार ने 6 लोगों को रौंदा, 2 की मौत, नशे की हालत में ड्राइव कर रहा था डॉक्टर

जबलपुर में शुक्रवार रात को एक तेज रफ्तार कार ने पैदल चल रहे 6 लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हो गए। इनमें से 3 की हालत गंभीर है।

Updated: Jan 04, 2025, 12:53 PM IST

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने 6 लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर है। सभी घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसा शुक्रवार रात करीब 9.30 बजे विजय नगर में हुआ। बताया जा रहा है कि कार BHMS डाॅक्टर संजय पटेल चला रहा था। वह अपने दोस्त के साथ विजय नगर से दीनदयाल चौक की ओर जा रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया।

बताया जा रहा है कि डाॅक्टर संजय पटेल नशे में धुत था। वह काफी तेज रफ्तार में कार चला रहा था। तभी अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे चल रहे कई लोगों को रौंदते हुए डिवाइडर से जा टकराई। घटना के बाद डॉक्टर का साथी तो मौके से फरार हो गया, लेकिन स्थानीय लोगों ने कार चला रहे डॉक्टर को पकड़ लिया, फिर पुलिस को सूचना दी।

यह भी पढ़ें: दिल्ली चुनाव में हॉट सीट बनी कालकाजी, कांग्रेस ने CM आतिशी के खिलाफ अलका लांबा को बनाया उम्मीदवार

घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी आनंद कलादगी समेत विजय नगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है। एएसपी आनंद कलादगी ने बताया कि आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है। कार चालक डाॅक्टर है। विजय नगर थाना पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है, जबकि दो मृतकों के शव को पीएम के लिए मेडिकल काॅलेज भेजा है।