दिल्ली चुनाव में हॉट सीट बनी कालकाजी, कांग्रेस ने CM आतिशी के खिलाफ अलका लांबा को बनाया उम्मीदवार

दिल्ली विधानसभा चुनाव के फरवरी में होने की संभावना है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली की सभी 70 सीटों पर अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है।

Updated: Jan 03, 2025, 06:16 PM IST

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियों ने कमर कस ली है। विगत दस वर्षों से दिल्ली की सत्ता से दूर रही कांग्रेस ने इस बार पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस AAP के सीनियर नेताओं को घेरने की रणनीति के तहत चुनावी मैदान में है। पूर्व सीएम केजरीवाल के विरुद्ध शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित को उतारने के बाद पार्टी ने एक और बड़ा फैसला लिया है। सीएम आतिशी के खिलाफ कांग्रेस ने अलका लांबा को मैदान में उतारा है।

कांग्रेस पार्टी ने 48 उम्मीदवारों के नामों का एलान कर दिया है। इससे पहले दो सूची जारी कर पार्टी 47 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। शुक्रवार को तीसरी सूची में पार्टी ने सिर्फ एक सीट कालकाजी से अपने उम्मीदवार की घोषणा की। कांग्रेस द्वारा जारी आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि केंद्रीय चुनाव समिति ने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव में 51-कालकाजी निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में अलका लांबा के नाम पर मुहर लगाई है।

पिछले विधानसभा चुनाव में अलका लांबा कांग्रेस के टिकट पर चांदनी चौक सीट से चुनाव लड़ी थीं। हालांकि, यहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। आम आदमी पार्टी उम्मीदवार प्रह्लाद सिंह साहनी ने जीत दर्ज की थी। इस चुनाव में अलका लांबा तीसरे स्थान पर रही थीं। वहीं, 2015 के विधानसभा चुनाव में अलका ने जीत दर्ज की थी। ये चुनाव उन्होंने आम आदमी पार्टी के टिकट पर लड़ा था। उन्होंने बीजेपी उम्मीदवारसुमन गुप्ता को 18 हजार से ज्यादा वोटों से मात दी थी।

अलका लांबा की गितनी तेजतर्रार नेताओं में होती है. कांग्रेस ने उन्हें महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी दे रखी है। दिल्ली विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच अलका बीजेपी और आम आदमी पार्टी पर लगातार हमलावर हैं। बीते दिन उन्होंने मीडिया से कहा था कि आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी ने मिलकर दिल्ली को बर्बाद कर दिया है। शासन और प्रशासन को मिलकर काम करना चाहिए था लेकिन पिछले 10 साल में दोनों आपस में ही भिड़ते रहे। बीजेपी और आम आदमी पार्टी की इस टकराहट का खामियाजा दिल्ली की जनता को उठाना पड़ा।

यह भी पढे़ं: युवाओं का एकलव्य जैसा अंगूठा काट रही BJP, इंदौर में MPPSC अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी पर बरसे राहुल गांधी

बहरहाल, अलका लांबा की उम्मीदवारी के बाद कालकाजी सीट का रण रोचक हो गया है। उधर, अरविंद केजरीवाल के सामने कांग्रेस ने नई दिल्ली विधानसभा सीट पर संदीप दीक्षित को टिकट दिया है।
कांग्रेस ने पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के सामने जंगपुरा से फरहद सूरी को उम्मीदवार घोषित किया है। इन तीनों सीटों पर मुकाबला रोचक हो गया है। बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के फरवरी में होने की संभावना है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली की सभी 70 सीटों पर अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है।