दतिया में भाजपा नेता ने की खुदखुशी, लायसेंसी पिस्टल से खुद को मारी गोली

दतिया में भाजपा नगर महामंत्री और खटीक समाज के जिलाध्यक्ष जितेंद्र मेवाफरोश ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Updated: Jan 05, 2025, 06:57 PM IST

दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया से बड़ी खबर सामने आई है। यहां भाजपा के नगर महामंत्री और खटीक समाज जिलाध्यक्ष जितेंद्र मेवाफरोश (42) ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। सूचना के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे की है। परिवार के लोगों ने बताया कि गोली की आवाज सुनकर वह बाहर निकले। जितेंद्र ने घर के बाद खुद को गोली मारी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि जितेंद्र पर साढ़े 6 लाख रुपए का कर्ज था। बेटी सोनम ने बताया कि पापा पर कर्ज चुकाने के लिए भाजपा पार्षद रिंकू दुबे दबाव बनाता था। आए दिन धमकी देता था। इसी से परेशान होकर उन्होंने ये कदम उठाया।

जितेंद्र की बड़ी बेटी सोनम ने बताया कि पापा सुबह नहाने के बाद घर के बाहर पूजा करने के लिए निकले थे। इसी दौरान फायरिंग की आवाज आई, बाहर जाकर देखा तो पापा के सिर में गोली लगी थी।

यह भी पढ़ें: गुजरात के पोरबंदर में कोस्टगार्ड का हेलिकॉप्टर क्रैश, 3 लोगों की मौत, एयरस्ट्रिप पर लैंडिंग के दौरान हुआ हादसा

सोनम ने बताया कि, पापा को रिंकू दुबे और अंकित श्रीवास्तव को 6.50 लाख रुपए देने थे। दोनों आए दिन पापा को फोन कर धमकी देते थे। कहते थे कि, मकान बेचो या जमीन लेकिन पैसा चुकता करो। इस बात से परेशान होकर पापा ने ये कदम उठाया है।