प्रेस क्लब ऑफ इंडिया को पहली बार मिली महिला अध्यक्ष, संगीता बरुआ की टीम ने दर्ज की शानदार जीत

संगीता बरुआ पिशारोती प्रेस क्लब ऑफ इंडिया (PCI) की पहली महिला अध्यक्ष बन गईं। उनके पैनल ने सभी पदों पर जीत दर्ज करते हुए शनिवार को हुए चुनाव में 21–0 का क्लीन स्वीप किया।

Updated: Dec 15, 2025, 02:33 PM IST

नई दिल्ली। देशभर के मीडिया संस्थानों और पत्रकारों का संगठन प्रेस क्लब ऑफ इंडिया (PCI) को अपना नया अध्यक्ष मिल गया है। प्रेस क्लब की स्थापना के 68 साल बाद पहली बार उसे महिला अध्यक्ष मिली है। स्वतंत्र पत्रकार संगीता बरुआ ने अध्यक्ष पद के चुनाव में शानदार जीत दर्ज की है।

इसके अलावा उपाध्यक्ष पद पर जतिन गांधी, महासचिव पद पर अफज़ल इमाम चुने गए। जबकि संयुक्त सचिव पद पर पी आर सुनील और कोषाध्यक्ष पद पर अदिति राजपूत पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके थे। साथ ही 16 सदस्यीय प्रबंधन समिति पर भी इसी पैनल ने जीत दर्ज की। 

संगीता बरुआ पिशारोती साल 2024 में पीसीआई के चुनाव में उपाध्यक्ष चुनी गई थीं। वह द वायर में नेशनल अफेयर्स एडिटर रह चुकी हैं। उन्हें इस बार चुनाव में कुल 1,019 वोट मिले। जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी अतुल मिश्रा और शर्मा अरुण को क्रमश: 129 और 89 वोट ही मिले।

उनके पैनल ने सभी पदों पर जीत दर्ज करते हुए शनिवार को हुए चुनाव में 21–0 का क्लीन स्वीप किया। जतिन गांधी को 1,029 वोटों के साथ उपाध्यक्ष चुना गया। उन्होंने प्रह्लाद सिंह राजपूत को 900 से अधिक वोटों के अंतर से हराया। अफज़ल इमाम 948 वोटों के साथ महासचिव निर्वाचित हुए और उन्होंने ज्ञान प्रकाश को 700 से अधिक वोटों के अंतर से पराजित किया।

रविवार को आए नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए पिशारोती ने कहा कि यह परिणाम प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के सदस्यों का हमारे पैनल की सोच और स्वतंत्र, निष्पक्ष व जिम्मेदार पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखने की हमारी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता में सामूहिक विश्वास को दर्शाता है। निवर्तमान महासचिव नीरज ठाकुर ने कहा कि पीसीआई की पहली महिला अध्यक्ष का निर्वाचन ‘प्रगति का एक सशक्त प्रतीक है और समानता, विविधता व लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति क्लब की प्रतिबद्धता की पुनः पुष्टि करता है।