भाजपा के घोटालों की लिस्ट इतनी लंबी है कि पीएम की गालियां वाली लिस्ट छोटी पड़ जाए: जीतू पटवारी

जीतू पटवारी ने आरोप लगाते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में BJP सरकार ने 220 महीने में 225 घोटाले किएम हालात अभी भी यह हैं, कि तकरीबन हर महीने एक नया घोटाला कर रहे हैं।

Updated: Aug 13, 2023, 08:24 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में 50 फीसदी कमीशन वाले पत्र को लेकर सियासी घमासान मचा हुआ है। कांग्रेस और बीजेपी दोनों पार्टियां इस मुद्दे पर आमने सामने हैं। भाजपा ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी समेत अन्य सीनियर नेताओं के विरुद्ध FIR दर्ज कराई है। मामले में अब कांग्रेस हमलावर है। कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा के घोटालों की लिस्ट इतनी लंबी है कि पीएम की गालियां वाली लिस्ट छोटी पड़ जाए।

जीतू पटवारी ने बयान जारी कर कहा, 'मैं डंके की चोट पर बात कर रहा हूं कि मध्य प्रदेश में 50% कमीशन की सरकार है। क्या स्टेट बॉर्डर पर बगैर लेनदेन के आवाजाही संभव है? क्या गांव-कस्बे से लेकर शहरों का प्रशासन बगैर लेनदेन के काम कर रहा है? क्या भर्ती परीक्षाओं में चयन बगैर लेनदेन के संभव है? क्या आम नागरिक बगैर लेनदेन के अपना काम करवा सकता है? ऐसे सैकड़ों/हजारों सवाल हैं, जो BJP को बेनकाब कर रहे हैं। जनता विधानसभा चुनाव की प्रतीक्षा कर रही है। BJP को इस बार फिर मात दी जाएगी।'

पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने आगे कहा, 'मध्य प्रदेश में BJP सरकार ने 220 महीने में 225 घोटाले किएम हालात अभी भी यह हैं, कि तकरीबन हर महीने एक नया घोटाला कर रहे हैं। इस सरकार के कई घोटाले हैं इसीलिए कहा जा रहा है कि भाजपा के घोटालों की लिस्ट इतनी लंबी है कि पीएम की गालियां वाली लिस्ट छोटी पड़ जाए।'

पूर्व सीएम कमलनाथ ने भी इस मामले में राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया है। कमलनाथ ने ट्वीट किया, 'सर से पांव तक घोटालों से घिरी शिवराज सिंह चौहान सरकार के इशारे पर कांग्रेस की सम्मानित नेता प्रियंका गांधी, जयराम रमेश और मुझ सहित कई नेताओं पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में भाजपा नेताओं ने एफआईआर दर्ज कराई गई। जिस सरकार को मध्य प्रदेश का बच्चा-बच्चा कमीशन राज सरकार कहता है, वह सरकार भ्रष्टाचार की जांच नहीं करा सकती, बल्कि भ्रष्टाचार के मुद्दे को उठाने वालों पर अत्याचार कर सकती है। मैं कांग्रेस के एक-एक कार्यकर्ता का आव्हान करता हूं कि वह भ्रष्टाचार के खिलाफ तन कर खड़ा हो जाए और इस 50% कमीशन के राज को उखाड़ फेंके।'

बता दें कि भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत 41 जिलों में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, पूर्व पीसीसी चीफ अरुण यादव व अन्य के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। आरोप है कि इन नेताओं ने वायरल एक पत्र को सोशल मीडिया पर शेयर किया। जिसके आधार पर प्रदेश की बीजेपी सरकार पर 50% कमीशन वाली सरकार होने का आरोप लगाया है। भाजपा का दावा है कि यह पत्र फर्जी है और सरकार को बदनाम करने के लिए फैलाया गया है।