नरवाई जलाने वाले किसानों से वसूली की बजाए जागरूकता अभियान चलाए सरकार: दिग्विजय सिंह

दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर कहा है कि नरवाई जलाने को लेकर अर्थदंड वसूल करने की बजाय किसानों में जागरूकता पैदा करनी चाहिए।

Updated: May 10, 2025, 07:30 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को एक पत्र लिखकर नरवाई जलाने को लेकर किसानों पर लगाए जा रहे अर्थदंड के संबंध में चिंता व्यक्त की है।

इस पत्र में दिग्विजय सिंह ने बताया है कि विदिशा जिले के किसान मनोज आत्मज रामेश्वर को तहसीलदार द्वारा नरवाई जलाने के आरोप में 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। यह नोटिस सैटेलाइट इमेज के आधार पर दिया गया है, जिसमें किसानों को कोई जांच या स्थल निरीक्षण का मौका नहीं दिया गया है।

दिग्विजय सिंह ने बताया है कि कई किसानों का कहना है कि उन्होंने अपने खेतों में नरवाई नहीं जलाई है, लेकिन फिर भी उन्हें अर्थदंड के नोटिस दिए गए हैं। ग्रीष्म ऋतु में कई बार सूखी नरवाई में आग लग जाती है, जिसके कारण किसानों द्वारा इसका विरोध किया जा रहा है।

दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अनुरोध किया है कि नरवाई जलाने को लेकर अर्थदंड वसूल करने की बजाय किसानों में जागरूकता पैदा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नरवाई जलाने को लेकर अर्थदंड लगाए जाने संबंधी आदेश को वापस लेने तथा इस संबंध में किसानों में जागरूकता अभियान चलाने हेतु उचित निर्देश प्रदान करने का कष्ट करें।