मध्य प्रदेश में ठंड का कहर जारी, कई जिलों में बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दी है। भोपाल में हल्की फुहारें पड़ रही हैं, वहीं मकर संक्रांति के दिन इंदौर-उज्जैन संभाग सहित मालवा-निमाड़ क्षेत्र में बादल और बूंदाबांदी की संभावना है।

Updated: Jan 13, 2025, 09:11 AM IST

Photo Courtesy: India TV
Photo Courtesy: India TV

भोपाल| सोमवार सुबह से मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दी है। भोपाल में हल्की फुहारें पड़ रही हैं, वहीं मकर संक्रांति के दिन इंदौर-उज्जैन संभाग सहित मालवा-निमाड़ क्षेत्र में बादल और बूंदाबांदी की संभावना है, जिससे पतंगबाजी पर असर पड़ सकता है। मौसम विभाग ने 15 जनवरी को प्रदेश के अधिकांश जिलों में बादल और बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिसमें भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर शामिल हैं। वहीं सोमवार सुबह ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में घना कोहरा छाया रहा।

मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विभोक्ष के चलते प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पिछले दो दिनों से कई जिलों में बारिश हो रही है। रविवार को बैतूल, दमोह, रीवा, सतना और उमरिया में बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश दमोह में 7 मिमी हुई। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर में बादल छाए रहे।

यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में ठंड के साथ बारिश का दौर

भोपाल में बीते दिन का तापमान 21.8 डिग्री दर्ज किया गया। यहां सुबह विजिबिलिटी 500 से 1000 मीटर तक रही। बैतूल में बारिश के कारण पारा 23.2 डिग्री पर पहुंच गया। गुना में एक दिन में 7.6 डिग्री की गिरावट के बाद तापमान 18.2 डिग्री रहा। ग्वालियर में 20 डिग्री और इंदौर का 22.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

प्रदेश में उमरिया सबसे ठंडा रहा, जहां दिन का तापमान 18 डिग्री दर्ज हुआ। सतना, गुना, दमोह, पचमढ़ी, खजुराहो, सिवनी, टीकमगढ़, शिवपुरी और अन्य जिलों में भी तापमान 18 से 23 डिग्री के बीच रहा। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ गई है। रविवार को 260 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जिससे दिन में ठंड ज्यादा महसूस हुई। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश में कोहरा, बादल और बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहने का अनुमान लगाया है।