MP में आज जनआक्रोश यात्राओं का आगाज करेगी कांग्रेस, भाजपा के खिलाफ एंटी इन्कम्बेंसी को बूस्ट करने की कोशिश

बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा के जवाब में कांग्रेस जन आक्रोश यात्रा निकाल रही है। बीजेपी की यात्रा के उलट इस यात्रा में कांग्रेस स्थानीय नेताओं को तवज्जो देगी और जनता को शिवराज सरकार के घोटालों की लिस्ट सौंपेगी।

Updated: Sep 19, 2023, 02:06 AM IST

भोपाल।  कांग्रेस गणेश चतुर्थी यानी आज से जन आक्रोश यात्रा का आगाज करने जा रही है। यह यात्रा 15 दिन में प्रदेश की सभी 230 विधानसभाओं को कवर करेगी। बीजेपी के खिलाफ व्याप्त एंटी इन्कम्बेंसी को बूस्ट करने के लिहाज से इस यात्रा का खाका तैयार किया गया है। 

जन आक्रोश को आवाज देने के लिए निकाली जा रही 11 हजार किमी की इस "जन आक्रोश यात्रा" के लिए कांग्रेस के रथ सभी क्षेत्रों में पहुंच गए हैं। इन रथों पर सवार होकर ही कांग्रेस के क्षत्रप पूरे प्रदेश का दौरा करेंगे। इस दौरान कांग्रेस प्रदेशवासियों को शिवराज सरकार के दौरान हुए घोटालों की लिस्ट सौंपेगी।

इस यात्रा के जरिए कांग्रेस 11,400 किलोमीटर की दूरी को कवर करेगी। यह यात्रा मध्यप्रदेश के सातों संभागों से होकर गुजरेगी। इस यात्रा की जिम्मेदारियां विधानसभा स्तर पर नेताओं के वर्चस्व के आधार पर तय की गई है। पार्टी के पदाधिकारियों के मुताबिक, कांग्रेस बीजेपी सरकार में होने वाले घोटालों को जनता के बीच ले जाएगी। 

भ्रष्टाचार और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस ने कमर कस ली है। इस यात्रा में पेपर लीक, महिला सुरक्षा, अनूसूचित जाति और जनजातियों पर हो रहे अत्याचार जैसे बड़े मुद्दे शामिल होंगे। यात्रा में धार्मिक आयोजन और धार्मिक स्थलों पर पूजा पाठ की भी योजना है। इस दौरान जगह जगह सामूहिक भोजन करने समेत कई निर्देश दिए हैं। यात्रा के दौरान जन सभा, नुक्कड़ नाटक जैसे सामाजिक कार्यक्रम होंगे।

जन आक्रोश यात्राओं के जो सत रूट तैयार किए गए हैं उसमें यात्रा मार्ग 1 का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह करेंगे। यह यात्रा 1600 किमी की दूरी तय करेगी। वहीं, यात्रा मार्ग 2 का नेतृत्व पूर्व पीसीसी अध्यक्ष अरुण यादव करेंगे। यह यात्रा 1700 किमी की दूरी तय करेगी। यात्रा मार्ग 3 का नेतृत्व कमलेश्वर पटेल करेंगे। यह यात्रा 1900 किमी की दूरी तय करेगी।यात्रा मार्ग 4 का नेतृत्व पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल करेंगे। यह यात्रा 1400 किमी की दूरी तय करेगी। यात्रा मार्ग 5 का नेतृत्व सुरेश पचौरी करेंगे। यह यात्रा 1400 किमी की दूरी तय करेगी। इसके अलावा कांग्रेस कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया को यात्रा मार्ग 6 और जीतू पटवारी को यात्रा मार्ग 7 की जिम्मेदारी मिली है। ये दोनों यात्राएं 1700 किमी की दूरी तय करेगी

यात्रा निकाले जाने को लेकर कांग्रेस प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, '18 सालों की प्रदेश की बदहाली और बर्बादी का जनता में शिवराज राज के ख़िलाफ़ जो असंतोष था, वो अब जन आक्रोश में तब्दील हो गया है। समूचे मध्य प्रदेश में चारो ओर भयंकर अराजकता, अपराध, भय, भ्रष्टाचार और लूट की खुली छूट है। आदिवासी, किसान, दलित ,बेटियां, बच्चे, पिछड़े ,नौजवान सबकी जबान पर बस एक ही बात है, "शिवराज हटाओ प्रदेश बचाओ"। आज मध्य प्रदेश के कोने - कोने से जन आक्रोश का स्वर सुनाई दे रहा है। बस जनता की इसी आवाज़ को सुनकर हम 'जनाक्रोश यात्रा' का आगाज़ कर रहे हैं।'