राघौगढ़ नगर पालिका पर कांग्रेस का कब्जा बरकरार, दिग्विजय समर्थक विजय साहू बने नपाध्यक्ष

कांग्रेस उम्मीदवार विजय साहू ने जीत दर्ज की है। साहू के पक्ष में 16 पार्षदों ने वोट किया। जबकि बीजेपी उम्मीदवार के समर्थन में सिर्फ आठ वोट ही पड़े।

Updated: Feb 10, 2023, 08:27 AM IST

गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले की राघौगढ़ नगरपालिका पर कांग्रेस का कब्जा बरकरार है। शुक्रवार को हुए नगर पालिका अध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार विजय साहू ने जीत दर्ज की है। वार्ड 7 से पार्षद बने विजय कुमार साहू नगरपालिका अध्यक्ष होंगे।

शुक्रवार को हुई वोटिंग में विजय साहू के पक्ष में 16 पार्षदों ने वोट किया। जबकि बीजेपी उम्मीदवार के समर्थन में सिर्फ आठ वोट ही पड़े। इस तरह दिग्विजय समर्थक साहू ने दो तिहाई बहुमत से अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। 

राघौगढ़ के सियासी इतिहास की बात की जाए तो दिग्विजय सिंह के इस अभेद्य किले को भेदने में बीजेपी अब तक नाकाम रही है। यह वही नगरपालिका है, जहां से दिग्विजय सिंह ने राजनीतिक पारी की शुरुआत की। मुख्यमंत्री रहते हुए दिग्विजय सिंह ने 2003 में यहीं से शिवराज सिंह चौहान को पराजित किया था। 

पिछले दो बार से राघौगढ़ नगरपालिका चुनाव जीतने के लिए बीजेपी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। साल 2018 में जब यहां चुनाव हुए थे तब कांग्रेस के 20 पार्षद चुनाव जीतकर आए थे, जबकि भाजपा की ओर से स्वयं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और प्रभात झा जैसे दिग्गजों ने प्रचार किया था। इस बार भी बीजेपी के कई मंत्रियों ने यहां आकर प्रचार प्रसार किया। राज्य सरकार में मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने तो मतदाताओं को खुलेआम घर तोड़ने की धमकी तक दे डाली थी। लेकिन बीजेपी सिर्फ आठ सीट ही जीत पाई। अध्यक्ष पद चुनाव के लिए खरीद फरोख्त की भी कोशिशें हुई, लेकिन चुनाव नतीजों ने तमाम कोशिशों को नाकाम साबित कर दिया है।