भोपाल में CRPF जवान ने गोली मारकर की पत्नी की हत्या, पुलिस को सूचना देकर की खुदकुशी
भोपाल के मिसरोद थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां सीआरपीएफ जवान रविकांत वर्मा ने अपनी पत्नी रेनू वर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद को भी गोली मार ली।

भोपाल| मिसरोद थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां सीआरपीएफ जवान रविकांत वर्मा ने अपनी पत्नी रेनू वर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद को भी गोली मार ली। यह घटना बंगरसिया स्थित सिविल कॉलोनी में रात करीब डेढ़ बजे हुई।
रविकांत ने वारदात के तुरंत बाद पुलिस कंट्रोल रूम और डायल 100 पर फोन कर खुद जानकारी दी कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो दोनों के शव खून से लथपथ पड़े मिले। घटनास्थल से जवान की सर्विस राइफल और आठ कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉडम के लिए एम्स अस्पताल भेज दिया है।
यह भी पढ़ें: पन्ना के जेके सीमेंट प्लांट में बड़ा हादसा, छत का स्लैब गिरने से पांच मजदूरों की मौत, 30 से ज्यादा घायल
पुलिस जांच में सामने आया कि रविकांत और रेनू वर्मा सिविल कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे। रेनू वर्मा के शरीर पर दो गोली लगने के निशान थे, जो उसकी पीठ और पसली पर पाए गए। हालांकि, दोनों को कुल कितनी गोलियां लगीं, यह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा।
इस घटना से दो मासूम बच्चे अनाथ हो गए हैं। ढाई साल की बेटी और छह साल के बेटे को इस भयावह मंजर के बाद रोते-बिलखते हुए पाया गया। पड़ोसियों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच हुए इस विवाद का दुखद अंत हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।