MP की NEET छात्रा ने कोटा में की आत्महत्या, फ्लैट में फंदे से लटका मिला शव

राजस्थान के कोटा में मध्य प्रदेश के छतरपुर की 20 वर्षीया NEET छात्रा खुशबू पटेल ने किराए के फ्लैट में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।

Updated: Aug 26, 2026, 01:11 PM IST

राजस्थान के कोटा में नीट की तैयारी कर रही मध्य प्रदेश की 20 वर्षीय छात्रा ने मंगलवार शाम अपने किराए के फ्लैट में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा छतरपुर की रहने वाली थी और कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र के लैंडमार्क सिटी स्थित ओरोलाइट मल्टी स्टोरी में अपनी छोटी बहन के साथ रह रही थी। कोचिंग से लौटने के बाद बहन ने काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर आसपास के लोगों की मदद ली जिसके बाद फ्लैट खुलवाया गया और अंदर छात्रा फंदे से लटकी मिली।

पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान छतरपुर निवासी खुशबू पटेल (20) के रूप में हुई है। खुशबू साल 2023 से कोटा में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी। उसकी छोटी बहन खुशी भी उसी समय से कोटा में रह रही है और जेईई की तैयारी कर रही है। दोनों बहनों ने जुलाई में ही लैंडमार्क सिटी के ओरोलाइट मल्टी स्टोरी में फ्लैट किराए पर लिया था।

यह भी पढ़ें:एक भैंस दो दावेदार, गया पुलिस के सामने अनोखी चुनौती, DNA टेस्ट से होगी मालिक की पहचान

मंगलवार शाम खुशी कोचिंग से वापस फ्लैट पहुंची थी। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने अपनी सहेली को फोन कर मौके पर बुलाया और मल्टी स्टोरी में रहने वाले लोगों को भी इसकी जानकारी दी गई। लोगों की मौजूदगी में फ्लैट का लॉक खुलवाया गया तो खुशबू अंदर फंदे से लटकी मिली।

घटना की सूचना मिलने पर कुन्हाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने छात्रा को तत्काल एमबीएस अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया।

यह भी पढ़ें:उज्जैन में इंजीनियरिंग का गजब नमूना, सिंहस्थ मेला क्षेत्र को जोड़ने वाला ब्रिज सड़क से भटका

कुन्हाड़ी थाना प्रभारी देवेश भारद्वाज ने बताया कि घटना की जानकारी छात्रा के छतरपुर स्थित परिजनों को दे दी गई है। परिजनों के कोटा पहुंचने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस ने फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।