आधार अपडेट के नाम पर साइबर ठगी, भोपाल में सुरक्षा गार्ड के खाते से ठगों ने उड़ाए 55 हजार रुपए

भोपाल में साइबर ठगों ने आधार अपडेट के नाम पर शासकीय कन्या हॉस्टल के सिक्योरिटी गार्ड से 55 हजार रुपये ठग लिए।

Updated: Feb 07, 2026, 11:06 AM IST

भोपाल। राजधानी भोपाल के श्यामला हिल्स क्षेत्र में आधार कार्ड अपडेट कराने के नाम पर साइबर ठगों ने एक शासकीय कन्या हॉस्टल के सुरक्षा गार्ड को अपना शिकार बना लिया। ठगों ने यूआईडीएआई के नाम से फर्जी मैसेज भेजकर लिंक क्लिक कराया और ओटीपी हासिल करते ही बैंक खाते से 55 हजार रुपये निकाल लिए। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ ठगी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित माखन वर्मा श्यामला हिल्स स्थित शासकीय कन्या हॉस्टल में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। 21 दिसंबर को उनके मोबाइल फोन पर आधार कार्ड से जुड़ी जानकारी अपडेट करने के नाम से एक टेक्स्ट मैसेज आया। ठगों ने खुद को यूआईडीएआई से जुड़ा बताया था। बाद में पीड़ित को मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के लिए कहा गया था।

लिंक खोलते ही माखन वर्मा के मोबाइल पर एक ओटीपी आया। बिना किसी संदेह के उन्होंने ओटीपी बता दिया। ओटीपी बताते ही कुछ ही पलों में उनके बैंक खाते से 55 हजार रुपये की राशि कट गई। खाते से पैसे निकलने का मैसेज आने पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ।

घटना के बाद माखन वर्मा ने तत्काल बैंक से संपर्क कर जानकारी ली और फिर थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है और मोबाइल नंबर, मैसेज लिंक तथा ट्रांजैक्शन डिटेल के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि आधार अपडेट या किसी भी सरकारी प्रक्रिया के नाम पर आने वाले संदिग्ध मैसेज और लिंक से सावधान रहने की जरूरत है। बिना आधिकारिक पुष्टि के किसी भी लिंक पर क्लिक करना या ओटीपी साझा करना सीधे बैंक खाते को खतरे में डाल सकता है।