Datia By Election: दतिया उपचुनाव में 71.4 फीसदी वोटिंग, वोटर टर्नआउट पिछली बार से 9 फीसदी कम
दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए वोटिंग संपन्न हो गई है। 70 फीसदी से ज्यादा वोटिंग हुई है। 3 अगस्त को दतिया उपचुनाव का रिजल्ट आएगा।
भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव में वोटिंग हो चुकी है। शाम 6 बजे तक वोटर टर्नआउट 71.4 फीसदी रहा। ये पिछली बार से करीब 9 प्रतिशत कम है। यहां कांग्रेस के घनश्याम सिंह का मुकाबला भाजपा के आशुतोष तिवारी से है। वोटों की गिनती 3 अगस्त को होगी।
इससे पहले मतदान के दौरान कांग्रेस ने सिरोल और जिगना में फर्जी वोटिंग की शिकायत की। पार्टी प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों से बात की। इस पर पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस जब हारती है तो आरोप लगाती है। ये उनकी हताशा-निराशा का परिचय है।
उधर, रामसागर गांव के मतदान केंद्र से पुलिस, कांग्रेस के पोलिंग एजेंट को अपने साथ ले गई। जब साथियों ने इसका वीडियो बनाया तो पुलिस ने उन्हें रोका। हालांकि, कांग्रेस नेताओं के थाने पहुंचने पर पुलिस ने पोलिंग एजेंट को छोड़ दिया।
बता दें कि दतिया सीट कांग्रेस के राजेंद्र भारती को 20 साल पुराने मामले में MP-MLA कोर्ट से दो साल की सजा होने के बाद खाली हुई है। 2023 विधानसभा चुनाव में इस सीट पर 80.2 प्रतिशत मतदान हुआ था। भारती ने बीजेपी के नरोत्तम मिश्रा को 7742 वोट से हराया था। भारती को 88977 जबकि नरोत्तम को 81235 वोट मिले थे। तीसरे नंबर पर नोटा को 1452 मत हासिल हुए थे।




