एशियन गेम्स में भारत के खाते में 6 पदक, मेडल टैली में 10वें स्थान पर पहुंचा देश
जापान के नगोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारतीय निशानेबाजों ने जलवा दिखाया। पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में हिमांशु ढिल्लों ने सिल्वर, रुद्रांक्ष पाटिल ने ब्रॉन्ज और भारतीय टीम ने सिल्वर मेडल जीता। भारत के पास अब कुल 6 पदक हो गए हैं।
जापान के नगोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारत के खाते में अब 6 पदक हो गए हैं। सोमवार को निशानेबाजों ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में दो व्यक्तिगत पदक और एक टीम पदक हासिल किया। हिमांशु ढिल्लों ने सिल्वर, रुद्रांक्ष पाटिल ने ब्रॉन्ज और भारतीय टीम ने सिल्वर मेडल जीता। इससे पहले सुचिका तारियाल ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में भारत को पहला पदक दिलाया था।
पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल के व्यक्तिगत फाइनल में चीन के शेंग लिहाओ ने 254.2 अंक के साथ गोल्ड मेडल जीता था। हिमांशु ढिल्लों 252.4 अंक जुटाकर दूसरे स्थान पर रहे थे। जबकि, रुद्रांक्ष पाटिल ने 230.9 अंक के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया था। शेंग लिहाओ के प्रदर्शन ने उन्हें एशियन रिकॉर्ड भी दिलाया।
यह भी पढ़ें:भोपाल में RTO इंस्पेक्टर की हत्या, शादी से इंकार करने पर प्रेमी ने हथौड़े से ली जान
फाइनल के शुरुआती चरण में रुद्रांक्ष पाटिल ने मजबूत प्रदर्शन किया था। दूसरी सीरीज के बाद वह 106.0 अंक के साथ आगे थे। उस समय शेंग लिहाओ के 104.9 और हिमांशु ढिल्लों के 104.8 अंक थे। मुकाबला आगे बढ़ने के साथ स्थिति बदली और छठी सीरीज में रुद्रांक्ष 9.7 अंक ही हासिल कर सके। इसी दौरान हिमांशु ने 10.6 अंक जुटाकर दूसरा स्थान हासिल किया और अंत तक सिल्वर पर कब्जा बनाए रखा था।
इससे पहले पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भारत ने 1890.1 अंक के साथ सिल्वर मेडल जीता था। भारतीय टीम में पार्थ माने, रुद्रांक्ष पाटिल और हिमांशु ढिल्लों शामिल थे। चीन 1899.9 अंक के साथ पहले और दक्षिण कोरिया 1884.2 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा था। टीम स्पर्धा के करीब एक घंटे बाद भारतीय निशानेबाजों ने व्यक्तिगत मुकाबले में भी दो पदक अपने नाम कर लिए थे।
यह भी पढ़ें:भोपाल में तंबाकू फैक्ट्री पर GST की छापेमारी, 60 करोड़ से ज्यादा की टैक्स चोरी का खुलासा
भारत के शूटिंग अभियान में इससे पहले महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भी पदक आया था। एलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदरसा विनोद की टीम ने सिल्वर जीता था। इसके बाद एलावेनिल वलारिवन ने व्यक्तिगत मुकाबले में भी सिल्वर मेडल हासिल किया था। इस तरह शूटिंग भारत के पदक अभियान का सबसे बड़ा आधार बनी हुई है।
भारत के कुल 6 पदकों में 4 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज शामिल हैं। मेडल टैली में भारत 10वें स्थान पर है। शीर्ष स्थानों पर चीन, जापान और दक्षिण कोरिया हैं। चीन ने 18 गोल्ड समेत कुल 32 पदक जीते हैं। जबकि, जापान के खाते में 8 गोल्ड सहित 28 पदक हैं। दक्षिण कोरिया 5 गोल्ड समेत 21 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है।
यह भी पढ़ें:भोपाल में चलती बाइक पर युवक की गोली मारकर हत्या, पीछे बैठे दोस्त ने सिर से सटाकर चलाई पिस्टल




