बजट सत्र से पहले 3 मंत्रियों को कैबिनेट से बर्खास्त करें, जीतू पटवारी ने CM मोहन को लिखा पत्र

पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने सीएम मोहन यादव को पत्र लिखकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राजेंद्र शुक्ला और विजय शाह को कैबिनेट से बर्खास्त करने की मांग की है।

Updated: Feb 12, 2026, 03:36 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर बजट सत्र से पहले तीन मंत्रियों को बर्खास्त करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोकतांत्रिक मूल्यों और नैतिकता की अनदेखी हो रही है, जिससे सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने अपने पत्र में आरोप लगाया कि 16 फरवरी से शुरू हो रहे बजट सत्र में राज्यपाल के अभिभाषण के जरिए आंकड़ों का आडंबर पेश किया जाएगा, जबकि प्रदेश आर्थिक संकट और बढ़ते कर्ज के बोझ से जूझ रहा है। पटवारी ने तीन मंत्रियों के संदर्भ में नैतिक जवाबदेही तय करने की मांग की है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि इन मामलों के बावजूद मंत्रियों का पद पर बने रहना सरकार की नैतिकता, संवेदनशीलता और जवाबदेही पर प्रश्नचिह्न लगाता है।

पटवारी ने अपने पत्र में मंत्री विजय शाह पर “देश की बेटी और भारतीय सेना के अपमान” से जुड़े गंभीर आरोपों का उल्लेख किया। जबकि डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल के कार्यकाल में छिंदवाड़ा में जहरीली सिरप से बच्चों की मौत का मामला उठाया। साथ ही
कैलाश विजयवर्गीय पर अपने क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में विफल रहने का आरोप लगाया।

पटवारी ने पत्र में लिखा है कि बजट सत्र में राज्यपाल के अभिभाषण से पूर्व इन मंत्रियों को मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए, ताकि जनभावनाओं का सम्मान हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो यह संदेश जाएगा कि सरकार आरोपों पर मौन समर्थन दे रही है।