गलती भाजपा नेता की,एडीएम को सजा, विरोध शुरू

कोरोना संकट में महत्‍वपूर्ण ड्यूटी कर रहे डिंडौरी के एडीएम को भाजपा नेता की शिकायत पर निंलंबित कर दिया गया है। प्रशासनिक संघ ने अपनी ड्यूटी निभा रहे अधिकारी पर एक पक्षीय कार्रवाई का विरोध किया हैै।

Publish: Apr 12, 2020, 11:10 AM IST

memorandum to collector
memorandum to collector

डिंडौरी में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए गठित जिला स्तरीय संकट प्रबंधन समूह की बैठक में आमंत्रित सदस्य और भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. सुनील जैन से हुए विवाद के बाद डिंडौरी के संयुक्त कलेक्टर रमेश कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई का विरोध करते हुए मध्यप्रदेश राज्य प्रशासनिक सेवा संघ ने जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में कहा गया है कि प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अपनी जान जोखिम में डालकर अपने परिवार को छोड़कर 24 घंटे ड्यूटी दे रहे हैं। ऐसे में उनका पक्ष सुने बिना एक पक्षीय कार्यवाही करना उचित नहीं है। उनका निलंबन समाप्त कर सेवा में यथावत बहाल किया जाये।

पूरा मामला 9 अप्रैल का है। जिला कलेक्टर ने कोरोना संकट प्रबंधन की बैठक बुलायी थी। सूत्रों के अनुसार बैठक के पहले ही भाजपा नेता डॉ. सुनील जैन का अफसरों के लिए तय स्‍थान पर अपनी गाड़ी पार्क करने को संयुक्त कलेक्टर रमेश कुमार सिंह से विवाद हो गया। सिंह ने धारा 144 तोड़ने का विरोध किया। विवाद बड़ा तो बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट में एकत्र हो गए। मामले की शिकायत जिला कलेक्टर सहित उच्च अधिकारियों से की गई थी। इसके बाद सामान्‍य प्रशासन विभाग ने संयुक्त कलेक्टर रमेश कुमार सिंह को निलंबित कर दिया। सिंह के पास कोरोना संकट में प्रभारी जिला दंडाधिकारी का दायित्व भी था। एडीएम रमेश कुमार सिंह का मामले को लेकर कहना है कि वह केवल अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रहे थे। पूरे जिले में धारा 144 लागू है और वह उसका पालन करवा रहे थे।