MP: BJP मंत्री प्रतिमा बागरी का भाई गांजा तस्करी में गिरफ्तार, धान की बोरियों में पैक कर रखी थी खेप
राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के भाई अनिल बागरी को सतना की रामपुर बघेलान पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है।
सतना। मध्य प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के भाई अनिल बागरी को सतना की रामपुर बघेलान पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अनिल बागरी और उसके साथी पंकज सिंह से 46 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। भाई के गांजा तस्करी में पकड़े जाने के बाद प्रतिमा बागरी का एक रिएक्शन भी वायरल हो रहा है। जब पत्रकार ने उनके भाई की गिरफ्तारी पर सवाल किया तो मंत्री भड़क गईं और पत्रकार से कहा कि जबरदस्ती की बात क्यों करते हो तुम लोग?
मामला सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के सगे भाई अनिल बागरी (35 वर्ष) द्वारा 46 किलो गांजे की तस्करी की जा रही थी। इसमें उसके दो अन्य साथी पंकज सिंह बघेल व शैलेंद्र सिंह शामिल थे। सभी आरोपियों को रामपुर बाघेलान थाना पुलिस ने सतना के जिला न्यायालय में शशिकांत वर्मा अपर सत्र न्यायाधीश के समक्ष पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
एडिशनल एसपी प्रेमलाल धुर्वे ने कहा कि मुखबिर की सूचना पर 7-8 दिसंबर की दरमियानी रात रामपुर बघेलान पुलिस ने मरौहा गांव में पंकज सिंह के घर पर दबिश दी। घर के बाहर टीन शेड में धान की बोरियों के नीचे 4 बोरियां मिलीं। इनमें 48 पैकेट गांजा के बरामद किए गए। इसकी बाजार में कीमत 9 लाख 22 हजार 680 रुपए है।
आरोपी पंकज को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने बरामद गांजा अनिल बागरी और उसके बहनोई शैलेन्द्र सिंह का बताया। पुलिस ने सोमवार को अनिल बागरी को भी गिरफ्तार कर लिया। एनडीपीएस एक्ट की विशेष कोर्ट में न्यायाधीश शशिकांत वर्मा के सामने दोनों आरोपियों को पेश किया गया। यहां से उन्हें 19 दिसंबर तक की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
इस मामले से पहले राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी का बहनोई शैलेंद्र सिंह भी गांजा तस्करी में पकड़ा गया था। उसे एक सप्ताह पहले बांदा जिले में गांजा तस्करी के मामले में पकड़ा गया था और वह बांदा जेल में बंद है। उधर, खजुराहो के महाराजा कन्वेंशन सेंटर से निकलते समय मीडिया ने जब राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी से उनके भाई की गिरफ्तारी पर सवाल किया तो वे झल्लाती नजर आईं। उन्होंने मीडिया से कहा कि आपलोग फालतू की बात करते हो।




